Monday, 29 February 2016

कुछ लोगों से कभी बिना मिले या बात किये भी नजदीकी का एहसास बना है और एक मौन संवाद चलता रहता है जो शब्दों से ज्यादा मुखर और अद्भुत है। 
यह एक कड़वी सच्चाई है कि वास्तविक  संघर्ष सुविधा संपन्न और सुविधा विहीन वर्ग  का रहता  है  लेकिन निहित स्वार्थी  लोग बड़ी  चालाकी से इसे  दूसरी तरफ मोड़ कर अपना उल्लू सीधा कर लेते हैं। 

Sunday, 28 February 2016

 जो कुछ हरियाणा में हुआ उसने मानवता को एक बार फिर शर्मसार किया तथा वोटों की और स्वार्थपरक राजनीति का एक और बदनुमा और दागदार चेहरा दिखाया है। कम से कम इस तरह की गुंडागर्दी और बेबस महिलाओं तथा अन्य निर्दोष लोगों के साथ दुष्कर्म, ज्यादती, लूटपाट और आगजनी को आंदोलन तो नहीं कह सकते। बिना मतलब के मुद्दों पर तो बहुत बहस होती है पर क्या इन अपराधियों को सजा मिलेगी या ऐसे ही राजनीति होती रहेगी देखना दिलचस्प होगा। अब तक के अनुभव से आसार तो अच्छे नजर नहीं आते क्योंकि लगता है निष्पक्ष जाँच होते ही कई चेहरे बेनक़ाब हो जायेंगे।

Saturday, 27 February 2016

नया क्या है? बचपन से देखते आ रहे हैं सत्ता पक्ष और उसके समर्थकों का काम मनमानी और विपक्ष और उसके समर्थकों का काम विरोध और हर संभव अड़ंगा लगाना, पार्टी चाहे कोई भी रही हो। रहा अपने को सही साबित करने का तो इसके लिए कोई न कोई बहाना तो ढूंढ ही लिया जाता है।
देश की वास्तविक समस्याओं से ध्यान कैसे भटकाया जा सकता है तथा आग लगा कर कैसे अपनी रोटियां सेंकी जा सकती हैं  यह हमारे नेताओं और तथाकथित बुद्धिजीवियों से सीखा जा सकता है। यह तमाशा वर्षों से चल रहा है जबकि अगर यह लोग वोट बैंक और निहित स्वार्थों से  ऊपर उठ पाते तो न आज कोई गरीब होता न बेरोजगार न ही कोई   आत्महत्या करने को मजबूर होता । सच्चाई की आवाज को हमेशा दबाने वाले अपने आप को मसीहा दिखाने का प्रयास करें तो यह किसी भी सामान्य आदमी को हास्यास्पद ही लगेगा। सत्ता के लिए जाति और धर्म की राजनीति करने वाले तथा  आतंकवाद और भ्रष्टाचार से समझौता करने वाले लोग अगर दूसरे पर ऊँगली उठायें  तो क्या कहा जाय। 

Friday, 26 February 2016

किसी को  दिखाई या सुनाई  नहीं देता वह तो समझ में आता है लेकिन जो लोग जान बूझ कर आँख कान  बंद कर   लें और पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर  अपने हिसाब से  ही देखना या सुनना चाहें तथा सच्चाई से मुँह चुराने लगें  उनका क्या हो सकता है ? अधिकतर लोगों का आज यही हाल है। वास्तविकता यह है कि खाते पीते और बिना मेहनत के मजे कर रहे लोगों को इस देश में ज्यादा कष्ट है क्योंकि औसत आदमी तो रोटी जुटाने में ही परेशान है।

Thursday, 25 February 2016

देश की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को धमकाने तथा चकमा देने वाले तथा शातिर अपराधी की तरह व्यवहार करने वाले लोग अगर मासूम हैं तब तो कोई अपराधी हो ही नहीं सकता और पुलिश तथा न्यायलय की जरुरत ही नहीं है । वैसे निहित स्वार्थों के चलते दशकों से शिक्षण और सम्बंधित संस्थानों का जिस तरह से राजनीतिकरण किया जा रहा था उस की वजह से अधिकतर में शिक्षण व शिक्षा के अतिरिक्त बहुत कुछ होता रहा है और उनका स्तर दिन पर दिन गिरता ही जा रहा है। । परेशानी उन लोगों के लिए है जो वास्तव में शिक्षा के लिए वहाँ जाते हैं। शिक्षा और शिक्षण संस्थानों से इस खिलवाड़, इनके राजनीतिकरण तथा जिस तरह से इसे व्यवसाय बनाया गया है इसकी वजह से सबसे ज्यादा आघात नैतिकता पर हुआ  है जो आज दुर्लभ हो गई है । आज अधिकतर  शिक्षक और इस क्षेत्र से जुड़े लोग जो कर रहे हैं सर्वविदित है। 

Monday, 22 February 2016

 राजनीतिक और निजी स्वार्थ इतने हावी हो गये हैं कि दिन प्रतिदिन देश में आतंकवादियों, अलगाववादियों, देशद्रोहियों, अराजक तत्वों और अपराधियों का वर्चस्व बढ़ता ही जा रहा है। देश फूंक कर तमाशा देखने और देश को ब्लैकमेल करने वालों में होड़ लगी हुई है तथा सत्ता और सुविधा के लालच का नंगा नाच चल रहा है। शिक्षक और विद्यार्थी शिक्षण सस्थानों को राष्ट्रविरोधी तत्वों,  अपराधियों तथा राजनीति का अड्डा बनाने का प्रयास कर रहे हैं और कानून व्यवस्था को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं । सुरक्षा बालों को हतोत्साहित करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। जब इतने लोग देश को तोड़ने में लगे हों तब इस स्थिति में यह देश और इसकी सीमायें कितना व कब तक सुरक्षित रहेंगीं देखने वाली बात होगी क्योंकि इन हालातों में हम किसी बाहरी दुश्मन का मुकाबला तो कर ही नहीं पायेंगे ।  दशकों से सत्ता के लालच में बोये गए विषबीज अब जहरीले  वृक्ष का रूप ले रहे हैं।

Sunday, 21 February 2016

कुछ विचारधारायें अपने दोहरे चरित्र के कारण मिटने के कगार पर हैं और बड़ी तेजी से उनकी प्रासंगिकता पूरे विश्व में समाप्त हो रही है। यहाँ तक कि जो देश उनके गढ़ थे वह भी तेजी से उससे पीछा छुड़ा रहे हैं । लेकिन हमारे देश में कुछ मुट्ठी भर जोड़ तोड़ तथा असामाजिकता में माहिर, शिक्षा व्यवस्था और भारतीय इतिहास से छेड़ छाड़ करने वाले मुफ्तखोर लोग सब पर अपनी उसी विचारधारा को थोपने का प्रयास आज भी कर रहे हैं। जो वर्षो इन्होने किया है जब वही दूसरे करते   हैं तब इनके पेट में दर्द हो जाता   है और कोई न कोई बहाना बनाकर देश में अराजकता फ़ैलाने का प्रयास करते हैं ।  सभी आम जनता  को मूर्ख बना रहे हैं, निष्पक्षता का अभाव साफ़ नजर आ रहा है तथा श्रम करके खाने वालों की फ़िक्र आज किसी को नहीं है।
यदि देश के खिलाफ और उग्रवादियों के समर्थन में नारे लगाने वाले तथा उनके समर्थक कुछ गलत नहीं कर रहे थे तो इसका मतलब यह भी निकलता है कि हमारे सैनिक जो उग्रवादियों से लड़ते हुए और सीमाओं पर शहीद होते हैं वह गलत हैं तथा संसद पर हमले में शहीद हुए लोग भी गलत थे। अगर सुरक्षा बलों के आत्मसम्मान से खिलवाड़ और उन्हें इसी तरह हतोत्साहित किया जाता रहा तो क्या होने वाला है यह सोचा जा सकता है।
जो लोग अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए पूरे देश में अराजकता फ़ैलाने में लगे रहते हैं और तरह तरह के कुतर्क गढ़ते हैं वही लोग कोई आतंकवादी घटना होने पर सुरक्षा बलों में कमी निकालते भी नहीं थकते। ऐसे दोमुहें सांपों से देश को ज्यादा खतरा हो सकता है।
 वैसे तो आज कल राजनीति जनता को मूर्ख बनाने का ही खेल रह गया है लेकिन कुछ लोग सत्ता में या सत्ता के केंद्र के करीब रहना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं और उसके लिए किसी भी मुद्दे पर देश में आग लगाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने में महारत हासिल कर चुके हैं।
जिस देश में कुछ निहित स्वार्थी और अराजकतावादी लोग पूरे देश को कभी भी किसी भी मुद्दे पर बंधक बना सकने की क्षमता रखते हों उस देश में मानव अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का क्या मतलब है।

Saturday, 20 February 2016

 इतिहास पर नजर डालें तो  राजपरिवारों, राजनीतिज्ञों, बुध्दिजीवियों और धनाढ्यों तथा बिना कोई श्रम किये  मौज करने वालों  का एक वर्ग हमेशा ही रहता है जो विभिन्न  प्रकार से  सामान्य जन  को मूर्ख बनाकर उनकी कीमत पर  अपनी महत्वाकांक्षा और स्वार्थ पूरे कर रहा होता है।   इनके  निजी हितों पर आंच आते ही वह लोग  समाज, देश और मानवता को अक्सर खतरे में डालते आये हैं। 

Friday, 19 February 2016

सब  अपनीं अपनी डफली बजा कर स्वार्थ साध   रहे हैं और सच्चाई इस से कुछ परे दिख रही है। सत्ता का  लालच, निहित  स्वार्थ और  कुछ लोगों के निजी हित देशहित पर भारी पड़ते साफ दिख रहे हैं तथा  उसे तरह तरह का नाम देकर  देश में अशांति  फैलाई जा रही है। सबकी ही  नीयत में खोट नजर आ रहा है इस लिए इससे निपटने में नाकाम साबित हो रहे हैं जिससे  आम जनता और कानून का पालन करने वाले नागरिक  को परेशानी हो रही है जो इन सब के  लिए कोई मायने नहीं रखती । आज जो हो रहा है उस पर अंसार कंबरी साहब के  ये दोहे बिलकुल फिट बैठते हैं ।

सफल वही है आजकल, वही हुआ सिरमौर।
जिसकी कथनी और है, जिसकी करनी और।।

हर कोई हमको मिला, पहने हुए नकाब।
किसको अब अच्छा कहें, किसको कहें खराब।।
राष्टविरोधी और असामाजिक तत्व जिस तरह किसी न किसी बहाने अराजकता और हिंसा फैला रहे हैं इससे यह तो पक्का है कि देश को अस्थिर करने की कोई साजिश निश्चित रूप से  चल रही है। 

Thursday, 18 February 2016

चीन की विस्तारवादी नीतियॉं और बढ़ती हुई दादागिरी तथा निहित स्वार्थी और देशविरोधी  ताकतों और अराजक लोगों द्वारा किसी न किसी मुद्दे को उछालकर  भारत को अस्थिर करने की कोशिश में कोई सम्बन्ध तो नहीं है। इतिहास गवाह है कि निजी स्वार्थ देशहित, समाज और  मानवता  पर अक्सर हावी रहे हैं। 
अनैतिक, भ्रष्ट,निहित स्वार्र्थी, लालची, मुफ्त के माल पर ऎश करने वाले, आत्मुग्ध और आत्मकेंद्रित तथा जिस थाली में खाया उसी में छेद करने वाले लोग अगर देश के लिए नैतिकता का पैमाना तय करने लगेंगे तब किसी देश, समाज यहाँ तक की पूरी मानवता का खतरे में पड़ना निश्चित है। .
स्वार्थवश  बिना विचार किये पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर आँख बंद करके किसी पर श्रद्धा रखना और गुणगान करना तथा  विरोध और निंदा करना दोनों ही गलत बल्कि खतरनाक है। लेकिन आजकल यही हो रहा है।

Wednesday, 17 February 2016

जिसका डर था वही हो रहा है। कुछ देशी विदेशी राष्ट्रविरोधी और अलगाववादी ताकतें निहित स्वार्थी तत्वों से मिलकर एक साजिश को अंजाम देती हैं और हमारे तथाकथित राष्ट्रवादी उनके जाल में फँसकर हंगामा करके उनकी साजिश को पूरा करने में अहम योगदान दे देते हैं और उनका उद्देश्य पूरा हो जाता है। इससे कई अहम मुद्दे जैसे हाल की आतंकवादी घटनायें, सियाचिन में हमारे शहीद जवानों के साथ हुई दुर्घटना, भ्रष्टाचार और हमारे कुछ कार्पोरेट घरानों द्वारा पब्लिक और बैंकों को लगया हुआ चूना इत्यादि दब कर रह गये ।  इससे  उन ताकतों को अपनी करतूतों को छिपाने और भारत में बढ़ती असहिष्णु  का राग अलापने तथा  देश को अंतराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने  का और एक अवसर भी  मिल गया ।
जिस तरह की घटनायें देश में हो रहीं हैं उनसे किसी बड़ी, गहरी तथा सोची समझी साजिश का अंदेशा हो रहा है और इसके पीछे अगर किन्हीं विदेशी ताकतों का हाथ हो तो कोई बड़ी बात नहीं हैं क्योंकि भारत को अस्थिर रहने में कई देशो का हित है । यह भी लगता है जैसे कुछ लोग निजी स्वार्थ की वजह से जाने अनजाने उस साजिश का हिस्सा बनते जा रहे हैं। इसलिए इस मुद्दे पर ठंढे दिमाग से गहराई में जाकर अन्वेषण, विश्लेषण और विचार करके आवश्यक कदम उठाने की जरुरत लगती है सिर्फ शोर मचाने, हंगामा करने और एक दूसरे पर कीचड उछालने से कुछ नहीं होने वाला। उलटे नुकसान होने और राष्ट्रीय तथा आंतरिक सुरक्षा को भी खतरा पैदा होने की सम्भावना है ।
कुछ लोग जीवन में ईश्वर का अनुपम उपहार बन कर आते हैं। यह उनकी कृपा का सर्वोत्तम रूप है।
चाहे कोई भी हो लेकिन कानून अपने हाथ में लेकर खुद पुलिश और जज बन जाना किसी तरह से भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। पुलिश और न्यायपालिका को अपना काम करने दिया जाना चाहिए। आप संतुष्ट हों या न हों लेकिन आखिर सही गलत का फैसला करने के लिए देश का संविधान न्यायालय को ही अधिकृत मंच मानता हैं।

Tuesday, 16 February 2016

आप किसी धर्म को मानें या न मानें लेकिन किसी की आस्था से खिलवाड़ करना और किसी भी धर्म के प्रतीकों, पैगंबरों या देवी देवताओं का उपहास करना किसी भी सभ्य समाज के व्यक्ति को शोभा नहीं देता। लेकिन कुछ घटिया लोगों को हिन्दू और हिंदुत्व के प्रतीकों और देवी देवताओं का अपमान करना ही धर्मनिरपेक्षता लगती है। जब इसका विरोध होगा तब असहिष्णुता का राग अलापने लगेंगे। नीचता की इस हद तक उतर कर राजनीति करने वाले लोगों का मानसिक संतुलन निश्चित रूप से बिगड़ा हुआ है।

Monday, 15 February 2016

हमारे देश की बहुत सी शिक्षण संस्थाएं या तो राष्ट्रविरोधी तथा आपराधिक गतिविधियों और राजनीति स्वार्थ साधने का केंद्र हैं या पैसे कमाने का साधन बन कर रह गए हैं जहाँ शिक्षा के अतिरिक्त सब कुछ होता है । इस देश की शिक्षानीति और व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं तथा जिस तरह से शिक्षण संस्थाओं का अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए सोचे समझे ढंग से दुरूपयोग किया गया है वह बहुत ही निंदनीय है और सभी राजनीतिक दल इसके दोषी हैं । शिक्षा के निजीकरण ने एक अलग वर्ग पैदा किया है जो सिर्फ माल बटोरने में यकीन रखता है। इस लिए केवल छात्रों को दोषी ठहराना भी उचित नहीं होगा। लेकिन जब राजनीति अवसरवाद का पर्याय बन गई हो तब किसी सुधार की उम्मीद करना व्यर्थ लगता है।  सबसे चिंता का विषय यह है कि अधिकतर बुद्धिजीवी तथा मीडिया भी निष्पक्ष नहीं कहे जा सकते वह भी निहित स्वार्थ से ग्रस्त होकर किसी न किसी पक्ष को समर्थन देते नजर आते हैं।
आज तक मुझे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मतलब और यह किसके लिए है यही समझ में नहीं आया। देश में कुछ लोग तो किसी के खिलाफ कुछ भी अपशब्द बोलने यहाँ तक कि किसी को गाली देने के लिए भी स्वतंत्र हैं लेकिन उनके खिलाफ किसी ने कुछ बोला या उनकी किसी कमी की तरफ इशारा किया तो उसकी खैर नहीं है बल्कि वह और उनके चमचे विरोध करने वाले का स्वयंभू पुलिस और जज बनकर जीना हराम कर देंगे ।
As per my opinion real patriotism is the love and loyalty for motherland besides taking care to the interest and safeguard of the nation we belong instead any government or ruler.

Sunday, 14 February 2016

हमारे देश में हिंदी, हिन्दू, हिंदुत्व और हिन्दुस्तान के विरोध या समर्थन   पर ही बहुत से लोगों की राजनीति और बहुतों की ऐश चल रही है। देश को जोड़ने की बजाय तोड़ने वाले ज्यादा मजे में दिखाई दे रहे हैं। धर्म और जाति से ऊपर उठकर सोचने का प्रयास करना बहुतों के लिए असंभव है। दुर्भाग्य से पक्ष विपक्ष सबका एक सा हाल है और निष्पक्ष की कोई सुनने वाला नहीं है।
जिस देश में देशद्रोहियों, आतंकवादियों,भ्रष्टाचारियों,अपराधियों और अराजकतावादी तत्वों के इतने समर्थक और प्रवक्ता हो और जो स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी देश पर मर मिटे तथा जो सैनिक सीमाओं और उग्रवादियों से लड़ते हुए शहीद हो रहे हैं उनकी शहादत का अपमान करने वाले तत्व मौजूद हों उस देश को नष्ट होने से भला कौन बचा सकता है। लेकिन निहित स्वार्थों से ऊपर उठकर देश के बारे में किसी को सोचने फुरसत ही नहीं है। विशेष रूप से जो लोग स्वयंभू  पुलिस और जज होने के साथ पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं  हैं तथा हर घटना  यहाँ तक कि देशद्रोह को भी  राजनैतिक और  सांप्रदायिक रंग  देकर अपना मतलब हल करने में माहिर हैं उनका क्या कर सकते हैं। 

Saturday, 13 February 2016

देश विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्यवाई शुरू होते ही कुछ लोगों के पेट में दर्द शुरू हो गया और तरह तरह के सवाल उठाने के साथ राजनीतिक रंग दिया जाने लगा। यह साबित करता हैं कि जो दिख रहे हैं उसके अतिरिक्त भी कुछ जाने माने लोग इन गतविधियों को निहित स्वार्थों के लिए किसी न किसी रूप में समर्थन देते हैं वर्ना एक प्रतष्ठित शैक्षणिक संस्थान देशद्रोहियों, अपराधियों और राजनैतिक स्वार्थ साधने वालों का अड्डा कैसे बन जाता ।
किसी राष्ट्र को बचाना है तो किसी भी प्रकार की राष्ट्र विरोधी या आपराधिक गतिविधि से सख्ती से बिना भेद भाव के निपटा जाना चाहिए चाहे वह किसी ने की हो । आतंकवादियों और अपराधियों के मुकाबले उनको संरक्षण देने वाले तथा उनके प्रवक्ता और भी ज्यादा खतरनाक साबित होते हैं जो हमारे देश में बहुतायत में मौजूद हैं। यदि ऐसे मामले में वोट बैंक तथा निहित स्वार्थों की राजनीति ही होती रही जैसा कि हम दशकों से देख रहे हैं तो राष्ट्र विरोधी तत्वों और अपराधियों के हौसले ऐसे ही बढ़ते रहेंगे जिस का खामियाजा सामान्य नागरिक को भुगतना पड़ता है तथा निश्चित रूप से देश तथा देश के नागरिकों की सुरक्षा हमेशा खतरे में ही रहेगी । आखिर आतंकवादी और आपराधिक गतिविधियों का शिकार प्रायः आम नागरिक ही होता है। इस देश के अधिकतर खास लोग तो जोड़ तोड़ और जुगाड़ करके कड़ी सुरक्षा में बैठ कर जनता के पैसे पर अय्यासी करने और एक दूसरे पर कीचड उछालने में ही मस्त रहते हैं। ज्यादातर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया भी देशी या विदेशी व्यवसायियों के हाथ में है इसलिए उनके व्यावसायिक हित साधने के साथ खबरे गढ़ने और बेचने में लगा है तथा सच्चाई से भरसक दूर ही रहता है। मीडिया में दिखाई जाने वाली अधिकतर ख़बरों और होने वाली बहसों के स्तर से आप इसका अंदाजा लगा सकते हैं।

Thursday, 11 February 2016

कुछ स्वार्थपरक और निहित स्वार्थों से ग्रस्त बुद्धिजीवियों, राजनेताओं और मिडिया के लोगों की बात सुन कर बड़ा विचित्र लगता है। इसी देश की मिटटी और पैसे पर पलकर इसी देश को बर्बाद करने के नारे लगाने में इन्हें कुछ गलत नहीं लगता। राजनीति तो सभी करते हैं और लोगों को आपस में लड़ाने में माहिर बहुत लोग हैं लेकिन देश के असली दुश्मनों के चेहरे अब ज्यादा स्पष्ट होने लगे हैं। इतिहास गवाह है किसी देश या समाज को किसी बाहरी ताकत के मुकाबले अपने अंदर के गद्दारों से ज्यादा खतरा होता है। किसी देश में शायद ही इस तरह की हरकते करने वाले और उनकी वकालत करने वालों को इस तरह बर्दाश्त किया जाता हो। फिर भी इस देश में जिन लोगों को असहिष्णुता  दिखाई देती है   उनकीं नीयत पर सवाल तो खड़ा होता  ही है। 

शिक्षण संस्थाओं में आतंकवादियों और अपराधियों तथा उनके समर्थकों की घुसपैठ देश के लिए बहुत ही खरतरनाक संकेत है लेकिन जिस देश का राजनीतिक वर्ग निहित स्वार्थों से आगे सोच ही नहीं सकता हो तब इस विषय में कुछ ठोस कार्यवाई की उम्मीद करना व्यर्थ है। किसी नेता के साथ छोटा मोटा भी विरोध प्रदर्शन देशद्रोह हो जाता है और इसको राजनीतिक फायदा लेने के लिए खूब उछाला भी जाता है।  बहुत से और भी बेकार के मुद्दे उठाकर राजनीतिक रोटियां भी सेंकी जाती हैं और कुछ अवसरवादी लोग लोगों को भड़काकर अपने निजी स्वार्थ भी पूरे कर लेते  हैं   लेकिन खुलेआम देश विरोधी नारे लग रहे हैं और फिर  भी चुप्पी हो तब हमारे बहुत से  राजनेताओं, तथाकथित बुद्धिजीवियों और मिडिया की नीयत  पर संदेह तो होता ही है। 

Wednesday, 10 February 2016

देश में अवसरवादी, स्वार्थपरक, भ्रष्ट तथा सार्वजिक धन पर अय्यासी करने वाले  और आतंकवादियों तथा अपराधियों के मानव अधिकारों के बहुत से  प्रवक्ता हैं लेकिन हमारे  जो  जवान देश और समाज की  रक्षा करने में जिस तरह की कुर्बानियां दे रहे हैं उनके मानव अधिकारों की तरफ इनका ध्यान कभी नहीं जाता। इनमे कुछ तथाकथित बुद्धिजीवी तथा  कुछ अन्य  जोड़ तोड़  और जुगाड़  लगाकर सत्ता के समीकरण में अपनी पैठ बनाये रखने में माहिर लोग शामिल हैं।  यह वर्ग इतना शक्तिशाली और  मुफ्तखोरी का इतना आदी हो चुका है कि जब इनके हितों पर कोई  असर पड़ता है तब यह देशहित को भी दांव पर लगा सकता हैं।  कोई न कोई बहाना ढूढ़ कर लोगो को भड़काना और  सत्ता को ब्लैकमेल करना ही इनका काम है। 

Saturday, 6 February 2016

 दुनिया में  लोगों का व्यवहार और कारोबार बहुत ही  अजीब है ,
कोई  पास होकर भी दूर और कोई  दूर होकर भी बहुत करीब है । 

Wednesday, 3 February 2016

अपने आप को नियत्रित करना शायद सबसे कठिन कार्य है। 
Probably hardest work is to control oneself.

Tuesday, 2 February 2016

पक्ष या विपक्ष में रहना  सरल है परन्तु  निष्पक्ष रहना बहुत ही कठिन 
जब तक आप सक्षम हैं और आपसे लाभ है तब तक तो आपको चाहने वाले और आपके मित्र बहुत से लोग बन जाते है। लेकिन किसी व्यक्ति का असली रंग तब नजर आता है जब आप उसके लिए आवश्यक और लाभदायक नहीं रह जाते।