Friday, 30 December 2016

आज राजनीति का स्तर जिंतना गिर गया है उसमे श्री नजीब जंग जैसे प्रबुद्ध और नियम से चलने वालों लोगों के लिए कोई जगह हो ही नहीं सकती।
आप किसी पार्टी या नेता के पक्ष या विपक्ष में हैं तो अलग बात है लेकिन अगर निष्पक्ष होकर देखें तो राजनीति में कोई सेवा करने के लिए नहीं आता। इसलिए हर राजनीतिक निर्णय के पीछे कुछ निहित स्वार्थ होते ही हैं। कुछ अपवादों को छोड़ दें तो हमारे देश में सदा से सत्ता पक्ष का काम मनमानी करना और विपक्ष का काम केवल विरोध करना रहा हैं क्योंकि सबका एकमात्र लक्ष्य येन केन प्रकारेण सत्ता में आना ही है। जनहित से किसी का कोई लेना देना नहीं होता। यहाँ तक कि जो लोग राजनीति की गंदगी साफ़ करने आये थे वह भी खुद आज सत्ता के लिए किसी भी सीमा तक गिरने को तैयार और कीचड से लथपथ नजर आते हैं।
विविधताओं और विसंगतियों के इस देश में लोकतंत्र भी गज़ब का है।  नेताजी लोग तो आपस में एक दूसरे को गालियाँ देने और एक दूसरे पर कीचड उछालने के लिए पूर्ण  स्वतंत्र हैं परंतु अगर आम जनता ने किसी नेता जी के बारे में कुछ कहा या किसी के साथ  कोई अभद्रता की तो यह देशद्रोह हो सकता है। संविधान के अनुसार किसी से धर्म, जाति, वर्ग, प्रान्त, भाषा या लिंग के आधार पर भेद भाव नहीं किया जा सकता लेकिन निहित स्वार्थों के लिए  तथाकथित स्वयंभू  मसीहाओं  को इन का नाम लेकर लोगों को भड़काने की  पूरी स्वतंत्रता है। भूख, कुपोषण और गरीबी का उन्मूलन करने के लिए योजनायें वातानुकूलित कमरों में बैठ कर उन लोगों द्वारा  बनाई जाती हैं जिनको सब कुछ मुफ्त में हासिल है  तथा जिनकी  देश सेवा करते करते खुद की सेहत सुधरने के साथ पीढ़ियों का इंतजाम हो जाता है। ईमानदारी, सादगी, त्याग  और कर्मशील होने का उपदेश देने वाले लोग खुद जिंदगी के सारे मजे बिना मेहनत के  उठाते हुए नजर आते हैं। यहाँ तक  कि आम आदमी का नाम लेकर बनी पार्टी खास लोगों की  बन कर रह  जाती है। भारतीय लोकतंत्र की जय !

Friday, 23 December 2016

आज श्रद्धेय डॉ नामवर सिंह जी से उनके निवास पर आगामी हिंदुस्तानी भाषा साहित्य समीक्षा सम्मान समारोह में मुख्य अथिति के रूप में आमंत्रित करने के लिए श्री सुधाकर पाठक जी के साथ मिलने का अवसर मिला। ९१ वर्षीय डॉ साहब का स्वास्थ्य बहुत अच्छा तो नहीं है परन्तु फिर भी उनसे उपयोगी चर्चा हुई तथा आशीर्वाद मिला। पाठक जी ने अपनी पुस्तक 'जिंदगी कुछ यूँ ही' तथा हिंदुस्तानी भाषा अकादमी की पत्रिका ;हिंदुस्तानी भाषा भारती' भेंट की। डॉ साहब को पुस्तक का नाम बहुत पसंद आया तथा उन्होंने इस पुस्तक से एक कविता 'कोल्हू का बैल' पढ़ी, उसे सराहा और कहा कि बैल पर तो बहुत लिखा गया है पर कोल्हू के बैल पर आज तक किसी ने नहीं लिखा। समीक्षा सम्मान के बारे में उन्होंने कहा कि यह नया प्रयोग है और अपनी शुभकामनायें दी। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से आने में असमर्थता व्यक्त की लेकिन भाषा पर एक संक्षिप्त पर महत्वपूर्ण इंटरव्यू/सन्देश अवश्य दिया। यह जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहेगा।
निसंदेह भाषा और साहित्य के नाम पर कुछ लोग जम कर धंधा कर कर रहे हैं और माल बना रहे हैं तथा इसके नाम पर तरह तरह के संगठन फल फूल रहे हैं। परंतु जो लोग अपनी बेतुकी और बिना सिर पैर की रचनायें छपवा कर सम्मानित होने के लिए लालायित रहते हैं क्या वह लोग दोषी नहीं हैं ? धंधा चलाने वाले को दोष देने से पहले आत्मनिरीक्षण करिये कि आप वहां क्यों गए थे ? अगर आप में प्रतिभा है तो आपको कोई रोक नहीं सकता लेकिन पैसे खर्च करके आप महान लेखक बन जायेंगे यह भी असंभव है। जब अपना मतलब निकल रहा हो तो तारीफ करना और न निकले तब गलियां देना किसी सुसंस्कृत व्यक्ति की निशानी तो नहीं हो सकती।
सृजनात्मक एवं सकारात्मक विचारों पर सहमति बहुत मुश्किल से होती है परंतु विघटनकारी तथा नकारात्मक विचारों और लोगों में तुरंत सहमति हो जाती है।
बिना मेहनत के या औकात से ज्यादा कुछ भी मिल जाने पर अधिकतर लोगों का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है अब वह चाहे धन हो, पद हो, पैसा हो, सम्मान हो या प्रेम। होना तो यह चाहिए कि जिस थाली में खाया है उसमे छेद न किया जाय लेकिन कुछ लोग निहित स्वार्थों के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं।
मेरे विचार से कुछ भी लिखना सरल नहीं है, अच्छा लिखना और भी कठिन है तथा यदि अध्यात्म और कर्मयोग पर लिखना हो तो अत्यंत ही कठिन है। इस पर भी अगर अध्यात्म और कर्मयोग पर स्वामी विवेकानंद के विचारों को कोई प्रस्तुत करना चाहता है तो आज के परिपेक्ष्य में यह कठिनतम कार्य माना जायेगा।
कुछ समय पूर्व सम्मानित विदुषी बहन सीमा सिंह ने अपनी कृति 'स्वामी विवेकानद कर्मयोग और उसका रहस्य' भेंट की थी। स्वामी जी और उनके विचारों पर बहुत सा साहित्य उपलब्ध हैं जिनमे से कुछ मैंने भी पढ़ा है लेकिन मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि बहन सीमा सिंह ने जिस सरल और सुगम्य ढंग से इस विश्लेषण को प्रस्तुत किया है वह प्रशंसनीय है। मैं उनका आभार व्यक्त करते हुए अभिनन्दन करता हूँ।
मैं कोई कवि या लेखक तो नहीं हूँ पर किसी बहुत ही सम्मानित और प्रसिद्द हस्ती से मिलने के बाद मन में यह पंक्तियाँ धूमने लगीं।
उम्र कट गई लेकिन फिर भी सफर नहीं हो पाया पूरा
सब कुछ पाकर भी लगता है जीवन तो रह गया अधूरा
नाम मिला सम्मान मिला पर बिछुड़ गए सारे परिजन 
अंतिम घड़ियों के साथी केवल तनहाई और सूनापन
कोई हमेशा सही या गलत नहीं होता। मेरे विचार से अंधी भक्ति करने वाले अंधी आलोचना करने वालों से ज्यादा खतरनाक होते हैं।
No one is always right or wrong. As per my opinion blind followers are more dangerous than blind critics.
वेदांत, योग और भारतीय दर्शन पर बहुत कुछ कहा और लिखा गया है। समय समय पर अनेक ऋषि, मुनियों, मनीषियों और विद्वानों से इसकी व्याख्या और विश्लेषण किया है। लेकिन विश्व मंच पर जिस तरह स्वामी विवेकानंद ने इसे रखा और इसका विश्लेषण किया वह अप्रतिम और अद्भुत है। पाश्चात्य जगत के सामने सभी धर्मों के सन्देश की प्रसंशा करते हुए भी स्वामी जी ने जिस सरलता और मजबूती के साथ भारतीय दर्शन, कर्मयोग तथा वेदांत की व्याख्या की तथा उसका पक्ष रखा उसके लिए भारतीय समाज स्वामी जी का चिर ऋणी रहेगा।
सम्माननीय सीमा सिंह जी ने अपनी पुस्तक 'स्वामी विवेकानंद कर्मयोग और उसका रहस्य' में बहुत ही सरल और सहज ढंग से स्वामी जी के चिंतन तथा विचारों का विश्लेषण किया है जिसके लिए वह अभिनन्दन की पात्र हैं। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि उन्होंने इतने गंभीर विषय को अपनी पुस्तक में बहुत ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया हैं।
हर महान व्यक्ति ने समाज में सुधार का प्रयास ही किया है उसे बदल नहीं पाये वर्ना संसार स्वर्ग बन गया होता । कोई भी महान से महान व्यक्ति भी सिर्फ प्रयास ही कर सकता है यह उसका कर्म है अब इस का क्या फल होगा यह समय और ईश्वर ही जानता है। संसार में अगर सब की सोच सकारात्मक हो जाती तो आज यह असमानता, अपराध और स्वार्थपरकता न होती।
शक तो हमेशा रहा ही है कि हमारे देश में सरकारी हो या प्राइवेट बैंकों में धांधली और भ्रष्टाचार होता है तथा यह सेक्टर उद्योगपतियों के हाथ बिका हुआ है लेकिन नोट बंदी की वजह से इनका असली चेहरा पब्लिक को दिखने के साथ इनकी विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह भी लग गया है। जिस तरह की ख़बरें आ रही हैं उससे बैंकों में सभी भ्रष्ट होंगे यह कहना तो उचित नहीं होगा परंतु बिना बड़े पैमाने पर तथा ऊपर तक मिली भगत के इस हद तक धांधली करना संभव भी नहीं लगता। अपने पैसों के लिए सामान्य आदमी को जिस तरह की तकलीफें उठानी पड़ी हैं और जुगाड़ वाले लोगों को जिस तरह फायदा पहुँचाया गया है उससे बैंकिंग सेक्टर से आम लोगों का भरोसा उठ सकता है ।
जिंदगी में कुछ अनुभव बहुत ही अद्भुत होते है जिन्हें शब्दों में बयान करना असंभव है। कुछ लोगों के साथ बिताया गया समय जीवन की अमूल्य धरोहर बन जाता है।
यह तो बहुत लोग मानते हैं कि बेटियां स्पेशल हैं पर कितनी स्पेशल हैं यह आप उनके साथ और उनके लिए कुछ समय बिता कर ही जान सकते हैं।