आप किसी के विचारों और नीतियों से असहमत हो सकते हैं। लेकिन उसके विरोध के लिए अमानवीय और घटिया हरकत पर उतर जाना खुद विरोध करने वाले की नीचता और घटिया मानसिकता का परिचायक होने के साथ उसकी विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह भी है। आजकल शायद इस बात की होड़ लगी है कि कौन कितना नीचे गिर सकता है।
Sunday, 28 May 2017
Saturday, 27 May 2017
देश के सामने यह सच्चाई तो आनी ही चाहिए कि आखिर कुछ लोग और उनकी निकम्मी औलादें बिना कुछ किये कैसे करोड़ों/अरबों के मालिक बन गए जबकि देश की अधिकतर जनसख्या पूरी मेहनत करने के बाद भी त्रस्त है । हमारे देश की बहुत सी गंभीर समस्याओं का कारण तथा उनका समाधान भी शायद इसी में छुपा है। यही मुख्य मुद्दा है जिससे ध्यान हटाने के लिए वर्षों से तरह तरह के दूसरे मुद्दे खड़े किये जाते रहे हैं।
Friday, 26 May 2017
एक बात तो पक्की है, जैसे सबको अपनी जान प्यारी है और उसे बचाने का हक़ है वैसे ही सेना तथा सुरक्षा बल के लोगों को भी है। आखिर वह भी इसी देश के नागरिक हैं और उनके भी मानवाधिकार दूसरे अन्य नागरिकों की तरह ही है। अन्य लोगों की तरह उनके भी बाल बच्चे और परिवार हैं जो उन्हीं पर आश्रित है। उनसे संयम बरतने की अपेक्षा तभी तक की जा सकती है जब तक कि वह खुद सुरक्षित हैँ। राजनीतिक रोटियां सेंकना और बात है लेकिन आप उनसे यह अपेक्षा नहीं कर सकते कि कोई उनपर किसी भी तरह का हमला करे और वह चुपचाप बिना कुछ किये घायल होते या मरते रहें। किसी तरह की हिंसक घटना तथा उपद्रव, तोड़ फोड़ या अन्य उग्रवादी घटनाओं से सख्ती से और बिना भेद भाव के निपटा जाना चाहिए चाहे वह किसी ने की हो।
Wednesday, 24 May 2017
आलोचना या प्रशंसा का महत्त्व तभी है जब वह पूर्वाग्रह और निहित स्वार्थों से परे हो कर की गई हो। पक्ष या विपक्ष द्वारा झूठ का इतना बड़ा पहाड़ खड़ा कर दिया जाता है कि सच्चाई दब कर रह जाती है। आज अंधभक्तों या अंधी आलोचना करने वालों का ही वर्चस्व नजर आता है तथा निष्पक्षता का नितांत आभाव है। वैसे तो यह स्थिति कमोबेश पूरे विश्व में है लेकिन दुर्भाग्य से हमारे देश में कुछ ज्यादा गंभीर लगती है। विभिन्न वर्गों में बंटा मनुष्य संकुचित दृष्टिकोण और निजी स्वार्थों से ऊपर न उठ पाने के कारण सच्चाई से दूर भाग रहा है जो मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित होगा। आज निजी हित समाज, देश और मानवता के हित से ऊपर हो गए हैं।
Monday, 22 May 2017
हमारे देश में जिन पर आरोप साबित हो गए और सजा भी हो गई वह भी जेल से बाहर हैं तथा पूरी न्याय व्यवस्था को अंगूठा दिखा कर न सिर्फ खुले घूम रहे हैं बल्कि पूरी व्यवस्था को धमकाने की स्थिति में भी हैं तो फिर जिन पर सिर्फ आरोप लगे हैं उनका क्या बिगड़ सकता है। सच्चाई यही है कि इस देश में जो सामर्थ्यवान, सुविधा संपन्न तथा उच्च पदों पर बैठे हैं वह किसी भी कानून से ऊपर हैं तथा कुछ भी करने के लिए स्वतंत्र हैं।
Tuesday, 16 May 2017
वैसे तो हमारे देश में राजनीति सबसे फायदेमंद व्यवसाय है जिसमें बिना कुछ किये अरबों खरबों के वारे न्यारे हो जाते हैं लेकिन विशेष रूप से गरीबों, किसानों, दलितों और पिछडो के स्वयंभू मसीहाओं की तो बात ही कुछ और है जिनके यहाँ दौलत बरसती है तथा दिन दूनी रात चौगुनी रफ़्तार से बढ़ती जाती है। डॉ. जगदीश व्योम का दोहा इन पर बिलकुल फिट बैठता है....
कौन भला किससे कहे, कहना है बेकार।
शकरकंद के खेत के, बकरे पहरेदार।।
शकरकंद के खेत के, बकरे पहरेदार।।
Thursday, 11 May 2017
वास्तव में उच्च स्तर पर भ्रष्टाचार हमारे देश की मुख्य समस्या है जो अधिकतर जनसंख्या के जीवन स्तर को सुधारने में बाधा उत्पन्न कर रहा है। निहित स्वार्थों की वजह से सभी सुविधाभोगी लोग मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए तरह तरह के दूसरे मुद्दे उठा कर अपनी रोटियाँ सेंकते रहते हैं। यह एक कटु सत्य है कि जिसका भी भ्रष्टाचार उजागर होने लगता है वही इससे ध्यान बटाने के लिए जाति, धर्म, अल्पसंख्यक, बहुसंख्यक या किसी वर्ग विशेष के साथ अन्याय का ढिंढोरा पीटने लगता है। दुर्भाग्य यह है कि जो लोग इससे लड़ने का संकल्प लेकर आते हैं सत्ता पाने के कुछ समय के बाद ही खुद इस में आकंठ डूब जाते हैं। राजनीतिक तथा अन्य सुविधा संपन्न लोगों द्वारा अपने और अपने परिजनों के लिए यथासंभव उपायों से जल्दी से जल्दी माल बनाना मुख्य लक्ष्य है तथा उनके भ्रष्टाचार तथा खुली लूट को दबाना ही आज मुख्य मुद्दा है। कोई माने या न माने लेकिन सच्चाई यही है कि आम आदमी की किसी को फ़िक्र नहीं है। एक तरफ आम आदमी जीतोड़ मेहनत करने के बाद भी ताजिंदगी अपने जरुरी खर्चे पूरे करने में ही परेशान रहता है, दूसरी तरफ कुछ लोग बिना कुछ किये ही सिर्फ हेराफेरी से अरबों खरबों के मालिक बन जाते हैं।
भ्रष्टाचार का दरिया हमेशा ही ऊपर से नीचे की ओर बहता है। जिस दिन उच्च स्तर पर भ्रष्टाचार बंद हो जायेगा, नीचे का भ्रष्टाचार अपने आप समाप्त हो जायेगा।
Wednesday, 3 May 2017
किसी दुस्साहस या अमानवीय हरकत का सिर्फ बदला लेना कोई समाधान नहीं है। बात तब है जब कुछ ऐसा सबक दिया जाय जिससे भविष्य में फिर ऐसा दुस्साहस करने की हिम्मत ही न हो। क्योंकि कहा जाता है कि 'कुत्ते की दुम कभी सीधी नहीं होती' तथा 'सीधी ऊँगली से कभी घी नहीं निकलता'। दिक्कत यह है कि जिस देश में राजनीतिक एवं निहित स्वार्थ सर्वोपरि हों तथा राष्टीय सुरक्षा पर भी आम सहमति की बजाय अलग अलग सुर निकलते हों वहां क्या उम्मीद की जाय।
Monday, 1 May 2017
जिन लोगों के दिमाग में लाल बत्ती घुसी है उसे निकालना आसान है क्या ? जो लोग हमेशा अपने आप को खास और जनता को आम मानते आये हैं उनका मन किसी आदेश या कानून से बदल जायेगा यह संभव तो नहीं लगता। एक बार एक नेताजी को बजट एयरलाइन में यात्रा कैटल क्लास जैसी लग रही थी जबकि देश में अधिकतर लोगों के लिए हवाई यात्रा सपना ही है। अपने आप को किसी महाराजा से कम न समझने वाले लोग रातों रात सेवक बन जायेंगे यह सोचना भी हास्यास्पद लगता है।
Subscribe to:
Posts (Atom)