Friday, 30 January 2015

जिंदगी भर मैं अनाड़ी का अनाड़ी ही रहा
झूठ को सच में बदलना नहीं सीखा मैने 
ख्वाब जो नींद उड़ा देते थे कभी रातों की
 पूरे होकर भी  वही ख्वाब खामखाँ निकले
बड़े अरमान से कुछ के  करीब आये  थे
वक़्त के साथ  वही लोग क्या से क्या निकले
बावफा लोगों की अब भी तलाश जारी है
जिनसे उम्मीद-ए-वफ़ा की वो ही बेवफा लिकले 
सम्मान, विश्वास, प्रसंशा और प्रेम कोई अधिकार या ऐसी वस्तु नहीं हैं जो मांगने से मिलती हो इसे अपने कर्मों द्वारा अर्जित करना पड़ता है।
कमियां तो हर व्यक्ति में होती हैं परन्तु दूसरे की कमियां और बुराइयां ढूढ़ कर और उन्हें गिनाकर कोई महान नहीं बन सकता। जो भी महान लोग हुए  हैं उन्होंने  अपनी कमियों और बुराइयों को ढूढ़ कर और उन्हें दूर कर के  ही  महानता प्राप्त  की है। 
महात्मा गांधी ने कहा था "धर्म एक निजी मामला है जिसका राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए"। धर्म की राजनीति करने वालों को छोड़ दीजिये, क्या हर समय गांधीजी की माला जपने वाले तथाकथित धर्मनिरपेक्षता के ठेकेदार भी उनकी इस बात पर अमल करते 
हैं ?

अपवित्र साधनों से प्राप्त किया गया साध्य भी अपवित्र ही होता है।
महात्मा गांधी

सभी धर्मों का श्रोत एक ही ईश्वर है लेकिन फिर भी कोई धर्म पूरी तरह से दोषरहित नहीं है क्योंकि वे सभी हम तक मानवीय हस्तक्षेप के बाद पहुंचे हैं और मनुष्य स्वयं गलतियों का पुतला है।
महात्मा गांधी

अनुशासन और विनम्रता के मेल से ही स्वतंत्रता का सर्वोत्कृष्ट रूप बनता है।
महात्मा गांधी
बापू की माला जपने वाले क्या बापू की किसी बात पर अमल करते हैं ?
महात्मा गांधी के असली कातिल तो वह हैं जिन्होंने उनके नाम का अपनी स्वार्थसिद्धि के लिए वर्षों इस्तेमाल किया, देश को धर्म और जाति के नाम पर बाँटने की राजनीति की और उनके नाम पर सत्ता की मलाई खाते रहे लेकिन उनके विचारों, आदर्श और नीतियों को बड़ी सफाई से किनारे लगा दिया। उनके स्वप्न समाज के वंचित वर्ग, ग्रामोद्योगों और गावों के विकास इत्यादि को जिस बेदर्दी से कत्ल किया गया वह वास्तव में ज्यादा दुखद है। और आज भी हम वही कर रहे हैं वर्ना स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी गरीबी, कुपोषण और गरीबी समाप्त क्यों नहीं हुई जबकि नेताओं, उद्योगपतियों और अन्य सुविधासम्पन्न लोगों का विकास दिन दूना रात चौगुना हुआ।

Monday, 26 January 2015

इतिहास तो आगे चल कर वही पढ़ा जाता है जो लिख दिया जाता है और सत्ता जिसके हाथ में होती हैं वह कहीं न कहीं इस बात से फायदा उठाता है और उस लिखे हुए इतिहास को अपने पक्ष में झुका लेता है । लेकिन यह एक दुखद सत्य है कि जिन लोगों ने परिवर्तन के लिए जन आंदोलन शुरू करके उनको खड़ा किया, उनका नेतृत्व किया और मुश्किलों से गुजरे वह लोग अपने  साथियों  द्वारा ही आगे चल कर दरकिनार कर दिए गए और उन आंदोलनों का फायदा निहित स्वार्थी और अवसरवादी लोगों ने उठाया । महात्मा गांधी, लोकनायक जय प्रकाश नारायण, डॉ राम मनोहर लोहिया और अभी हाल में अन्ना हज़ारे इसके बहुत अच्छे उदहारण हैं । महात्मा गांधी को छोड़ कर बाकी लोगों के साथ जो हुआ वह घटनाएँ ज्यादा पुरानी भी नहीं हैं।

Sunday, 25 January 2015

भारतीय राजनीति इस कदर नकारात्मक हो चुकी है कि विरोधियों  की कमियां गिनाने, उन्हें गाली देने, एक दूसरे पर  कीचड उछालने और नीचा दिखाने के  अलावा और कोई मुद्दा ही नजर नहीं आता।  नैतिकता और भ्रष्टाचार से लड़ाई की दुहाई देकर राजनीति में आने वाले भी जब यही कर रहे हों तो औरों के बारे में तो कुछ कहना ही व्यर्थ है। शायद इस देश की राजनीति के  मूल्यों में इस कदर गिरावट आ गई है कि जो भी आता है खुद भी उसी कीचड में फंस जाता है। मेरा मानना है कि केवल दूसरों पर कीचड उछाल कर  आप अपने आपको पाक साफ़ नहीं साबित कर सकते बल्कि अपनी खुद की नीचता और मानसिक दिवालियेपन का प्रदर्शन करते हैं। 

Friday, 23 January 2015

हमारे देश के लिए लोकतंतांत्रिक व्यवस्था चुनने का कारण तो यह था कि विविधताओं से भरे इस देश में सत्ता सही मायने में जनता के हाथ में हो और नतृत्व वह लोग करें जो जनता से सीधे जुड़े और संवाद करते हों। लेकिन वास्तव में हुआ यह कि हमारा लोकतंत्र परिवारवाद और जातिवाद का पोषक बन गया और एकता को बढ़ावा देने की बजाय देश और जनता को बाँटने का काम करने लगा। जनता से जुड़े नेता तो किनारे लगा दिए गए और सत्ता एक विशेष वर्ग के कुछ निहित स्वार्थी और ऐसे लोगों के हाथ में आ गई जिनका न तो कभी इस देश की संस्कृति और आम आदमी की परेशानी से वास्ता था न वह कुछ इस बारे में जानते थे। इससे देश में नेता जनता द्वारा चुने जाने की बजाय थोपे जाने लगे। समाजवादी आंदोलन से कुछ उम्मीदें थी लेकिन डॉ लोहिया के बाद समाजवादी आंदोलन भी जातिवाद और क्षेत्रवाद की भेंट चढ़ गया और रास्ते से भटक गया जिसका लाभ भ्रष्ट और और जातिवादी ताकतों ने उठा लिया।

Thursday, 22 January 2015

जिसकी जैसी भावना वैसा ही संवाद
इससे लगता व्यर्थ है करना वाद विवाद
It is very shameful that when matter comes to make Hindi our national language and give it's right provided by constitution of India to make it official language; some selfish people with wasted interests say that Hindi is being forced on them. But no one is bother when the English has been forced by very few people on whole of the country.
जीवन में सभी का महत्व है लेकिन कोई भी आपसे ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। इस लिए प्रेरणा किसी से लें परन्तु रास्ता आपका अपना होना चाहिए । आँख बंद करके किसी और के रास्ते पर चल कर आप कहीं नहीं पहुँच सकते।
दूसरे पर विश्वास करने से पहले यह जानना आवश्यक है कि क्या हमें अपने आप पर विश्वास है।
ख़ामोशी की जुबाँ गर आती है तो तुम समझो
मुझे इजहार-ए-मोहब्बत का तरीका नहीं आता

Thursday, 15 January 2015

किसी भी नेता के लिए चाहे कुछ भी कहता या करता हो  अपना हित सर्वोपरि है इस के बाद पार्टी का हित आता है।  ये लोग दिखावा जरूर देशहित और जनता की भलाई का करते हैं लेकिन यह सब राजनीतिक नौटंकी है  जिसे जनता वर्षों  से देख  रही है। इन सभी का एकसूत्रीय कार्यक्रम सत्ता पाना है चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े। दुर्भाग्य यह है कि जनता के पास कोई विकल्प भी नहीं है और लोग  अपने निजी स्वार्थों से ऊपर नहीं उठ पाते जिसका फायदा देश का राजनीतिक वर्ग उठा रहा है। 

Tuesday, 13 January 2015

पतंग के मांझे से पंक्षियों, बच्चों और अन्य लागों को भी चोट लग जाती है और कई बार इससे गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं । ऐसा खुद मेरे साथ भी ऐसा हो चुका है। दो साल पहले स्कूटर से कहीं जाते समय मेरा गला रास्ते में गिरे हुए मांझे से बुरी तरह कट गया था। वह तो स्कूटर की गति काफी धीमी थी इस लिए काफी बचाव हो गया फिर भी इलाज कराना पड़ा था और ठीक होने में बहुत समय लगा था। मांझे में शीशे जैसा कुछ खुरदुरा सा होता है जिससे चोट लगने पर तेज जलन और दर्द होता है और यह शरीर को काफी नुकसान पहुँचा सकता है।
इसलिए पतंग उड़ाये तो इतनी सावधानी बरतें और ऐसा मांझा इस्तेमाल करें कि किसी जीव का व अन्य नुकसान न हो।
जीवन में जब जो होना है हो ही जाता है 
कभी कुछ मिलता है तो कुछ खो जाता है

Sunday, 11 January 2015

 भारतीय राजनीति में जो स्थान लोकबन्धु श्री राजनारायण को मिलना चाहिए था और जिसके वह पात्र थे उन्हें कभी नहीं मिला यह एक दुखद सत्य है क्योंकि वह जमीन से जुड़े नेता थे और चुनाव जीत कर सत्ता का सुख लेने के लिए नहीं बने थे जो अधिकतर राजनीतिज्ञों का प्रमुख और अंतिम उद्देश्य होता है। अपने स्पष्ट विचारों, सादगी और सतत संघर्षशील रहने की प्रवृत्ति के कारण तथा साधारण आदमी, गरीबों, मजदूरों और किसानों की समस्याओं को तरजीह देने के लिए किसी भी हद तक चले जाने की वजह से वह हमेशा हासिये पर रहे जबकि देश को एक नई दिशा देने और असंभव को संभव कर दिखाने में सफल रहने के लिए उनका योगदान भारतीय इतिहास का अमिट अध्याय है। उससे भी दुखद यह है कि जिन लोगों को उन्होंने आगे बढ़ाया उन लोगों ने भी उनका निरादर किया और अंतिम समय में उनका साथ छोड़ दिया ।
जीवन में प्रयास तो चलते रहने चाहिए लेकिन किसी वस्तु या व्यक्ति के पीछे भागना मुझे उचित नहीं लगता। जो आपको मिलना है मिल ही जाता है और जो नहीं होना होता वह लाख प्रयास के बाद भी नहीं हो पाता। इस लिए मुझे लगता है जो करना है या करना चाहिए करते रहिये जो होगा वह अच्छा ही होगा।
जिस तरह से पूंजीवाद हावी हो रहा है और विकास के नाम पर सब कुछ बाजार के हवाले किया जा रहा है वह हमारे जैसी आबादी वाले देश के लिए कहाँ तक उचित है यह सोचने वाली बात है।  इस अर्थव्यवस्था से पर्यावरण और अमूल्य खनिज संसाधनों की जैसी जम कर  लूट और बर्बादी हो रही है वह  भविष्य में बहुत आशान्वित नहीं करती। छोटे किसानों और गाँव के  पारम्परिक घरेलू उद्योग धंधों की स्थति दिन प्रतिदिन सोचनीय   हो रही है जो सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देते थे जिसकी वजह से गावों से शहरों की तरफ पलायन हो रहा है जिससे शहरों के सीमित संसाधनों पर बोझ  बढ़ रहा है और सारा ढांचा चरमरा रहा है  । कृषि किसान के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है और अगर कोई अन्य आय का साधन नहीं है तो किसान की अपनी न्यूनतम आवश्यकतायें भी पूरी नहीं हो पाती जबकि उद्योगपतियों, कार्पोरेट घरानों, भ्रष्ट नौकरशाहों  और नेताओं की संपत्ति दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ रही है । इस लिए आंकड़ों के हिसाब से  देश में आत्महत्या के मामले किसानों में ज्यादा हैं। अमीर और गरीब के बीच की खाई निरंतर  गहरी  होती जा रही है। देश में जब इन मुद्द्दों पर बहस होनी चाहिए तब हम दूसरे झगड़ों में पड़े हुए हैं।  अब यह गंभीरता से  सोचने का समय है कि हम किधर जा रहे हैं और कैसा और किसका विकास कर रहे हैं ।

Friday, 9 January 2015

आतंकवाद और खून खराबा किसी के खिलाफ हो निंदनीय है। लेकिन गहराई में जाएँ तो तथाकथित विकसित, हथियारों के उत्पादक और सुविधा संपन्न देश आतंकवाद और अलगाववाद को अपने निहित स्वार्थों के लिए बढ़ावा देते रहे हैं यह भी एक घृणित सत्य है। वही अब इनके लिए भी मुसीबत बन गया है लेकिन इस से यह देश कोई सबक ले रहे हैं ऐसा लगता तो नहीं है। इनके खिलाफ जो होता है उसके लिए तो यह काफी शोर भी मचाते हैं और बदला लेने के लिए बहुत कुछ करते हैं लेकिन अन्य देशों में जो हो रहा है उस से इन्हें कोई परेशानी नहीं होती उलटे इन्हें फायदा ही होता है। आतंकवाद को समाप्त करने के लिए समग्र प्रयास जरुरी हैं न कि अपनी सुविधा के हिसाब से। किसी भी तरह के आतंकवाद या अलगाववाद को प्रश्रय दिए बिना इसे समूल रूप से समाप्त करने का प्रयास नहीं किया गया तो मानवता खतरे में पड़ जाएगी यह निश्चित है। इतिहास उदहारण है कि जिसने भी अपराधी तत्वों या अतिवादियों को अपने निहित स्वार्थ के लिए बढ़ावा दिया यह तत्व उसी के लिए मुसीबत और खतरा बने। दोहरे मानदंड रख कर कभी भी अपराध, आतंकवाद या किसी भी बुराई को कभी भी ख़त्म नहीं किया जा सकता। 

Thursday, 8 January 2015

यही समझ से बाहर कि धर्म भाईचारा बढ़ाने के लिए बने या हिंसा बढ़ाने और आपस में लड़ाने के लिए। कोई भी धर्म, मजहब या रिलिजन जो भी आप कहें मूलतः  प्यार और भाईचारे की ही शिक्षा देता है लेकिन सबसे ज्यादा खून खराबा भी इसी के नाम पर होता रहा है और हो रहा है। मुझे लगता है की धर्म अफीम की तरह है यह आप पर निर्भर है कि इसे आप दवा की तरह आत्म कल्याण के लिए इस्तेमाल करते हैं या नशे की तरह विनाश के लिए।   धर्म के ठेकेदारों ने अपने निहित स्वार्थ के लिए इसे विकृत और अर्थ का अनर्थ  करने में कोई कसर नहीं छोड़ी वर्ना कोई भी धर्म हिंसा तो बिलकुल भी नहीं सिखा सकता।

Sunday, 4 January 2015

मेरा विचार है कि हमारे देश के तथाकथित धर्मनिरपेक्ष धर्मांध लोगों से ज्यादा खतरनाक हैं क्योंकि ऐसे लोग जिस तरह धर्मनिरपेक्षता की वकालत करते हैं वह अवसरवाद ज्यादा है। धर्मनिरपेक्षता संत कबीर से सीखिये जिन्होंने जो सच लगा वही कहा न कि किसी को खुश या नाराज होने की चिंता की। सभी धर्मों के मानने वालों में बहुत से अन्धविश्वास तथा त्रुटियाँ हैं और वह धर्म के ठेकेदारों की वजह से आई हैं। धर्म का मूल तत्व मानव कल्याण है न कि अापस में लड़ाना परन्तु यह भाई लोग जो कहेंगे अपना फायदा नुकसान पहले देख कर कहेंगें।
मुझे लगता है एकांत सबसे प्रिय मित्र और मौन सबसे उत्तम संवाद है। जो आपके मौन को नहीं समझता शब्दों को भी नहीं समझ सकता। 
I think solitary is the best friend and silence is the best language to communicate. Who do not understand your silence can not understand your words.

Thursday, 1 January 2015

 हर समाज और देश की अपनी सभ्यता, विरासत और  संस्कृति  तथा अपनी परिस्थितियां, संसाधन और समस्याएं होती हैं।  इनके विकास और समस्याओं का समाधान भी इनकी कमियों के सुधार और भूतकाल की गलतियों से सबक लेने में छिपा होता है न कि किसी अन्य की सभ्यता या संस्कृति की अंधी नक़ल करने में। लेकिन हमारे देश में कुछ बीमार मानसिकता के, अवसरवादी और स्वार्थी लोग अपने फायदे के लिए यह दिखाना चाहते हैं कि जो कहीं बाहर से आया या आयातित है वही अच्छा है।  देश की एकता में यह सबसे बड़ी बाधा है क्योंकि किसी देश या समाज को उसकी अपनी विरासत, सभ्यता और संस्कृति ही जोड़ती है। 

Every society and country has it's own heritage, culture and way of life and own circumstances, resources and problems. Key of development is hidden in it by rectifying it's shortcomings and past mistakes and not blindly following other society or country's culture. But in our country many with sick mentality, opportunist and selfish people with wasted interests think whatever is imported is better than ours. This is main hurdle in our UNITY also because heritage and culture is the main factor to unite any society or country.