उत्तर प्रदेश के जंगल राज की अक्सर चर्चा होती है और यह सही भी है लेकिन यह आज शुरू नहीं हुआ है, दशकों से है। वहां नेताओं, अपराधियों और पुलिस का गठजोड़ हमेशा से देखते और अनुभव करते आ रहे हैं। इसलिए अपराधियों का बेख़ौफ़ घूमना तथा उनके साथ ही पुलिस और प्रशासन द्वारा पीड़ित, उसके परिवार और विरोध करने वालों को धमकाना कोई नई और आज की बात नहीं है। शायद भविष्य में भी कुछ बदलने या किसी सुधार की आशा व्यर्थ ही है।
लेकिन कितना आश्चर्यजनक है कि कुछ राज्यों में इससे भी भयावह स्थिति रही है और आज भी है, जहाँ पुलिस के सामने ही हिंसा हो जाती है तथा विरोध करने में भी जान का खतरा रहता है, इसलिए लोग अन्याय सह कर भी चुप रहने पर मज़बूर हो जाते हैं । वहां स्थानीय गुंडे, बदमाश ही राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं, जिनकी हमेशा दादागिरी और वसूली चलती है और उनके खिलाफ कोई सुनवाई भी नहीं होती, जो वहाँ जाकर ही अनुभव किया जा सकता है। । घटियापन की इंतिहा है कि फिर भी वहां की स्थिति तथा घटनाओं पर सभी मौन रहते हैं।
बदलाव निस्वार्थ और पक्षपात रहित प्रयासों से आता है। पूर्वाग्रह और निहित स्वार्थ रख कर विरोध निरर्थक ही रहता है क्योंकि उसका मक़सद सिर्फ अपनी रोटियां सेंकना होता है जिसका जनहित से कोई सम्बन्ध नहीं होता ।