Saturday, 30 June 2018

हैवानियत कब तक इंसानियत को शर्मसार करती रहेगी ? कुछ ऐसा जरूर है जो हिंसा तथा अन्य जघन्य अपराधों के बढ़ने का कारण है। यह तो साबित हो रहा है कि कोई भी कानून अमानवीयता तथा विकृत मानसिकता पर लगाम नहीं लगा सकता। कहीं न कहीं गंभीर गड़बड़ी है जिसका समाधान ढूढ़ने की बजाय समाज उसे अनदेखा कर रहा है । नेता तो वैसे भी निहित स्वार्थों की वजह से किसी समस्या का समाधान नहीं चाहते।

Friday, 22 June 2018

इससे ज्यादा सहनशीलता और आत्मनियंत्रण क्या होगा जब जवान हाथ में राइफल होते हुए भी पत्थर खा रहा होता है।
जो लोग कीचड़ साफ़ करने आये थे खुद कीचड़ से सराबोर हैं।

Thursday, 21 June 2018

भोजन और वस्त्र के बाद स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी नागरिक की मूल आवश्यकतायें है। स्वतंत्रता के कुछ वर्षों बाद ही इसका व्यवसायीकरण करके निजी क्षेत्र के हवाले करना शुरू कर दिया गया। आज कुकुरमुत्ते की तरह हर जगह इनकी दुकाने तो नज़र आने लगीं लेकिन वह क्या बेंच रहे हैं इस पर शायद ही किसी का ध्यान हो।

Wednesday, 20 June 2018

हिंदी और भारतीय भषाओं के महत्व पर होने वाली परिचर्चा के लिए बड़े बड़े नामों का जमावड़ा तो बहुत हो जाता है, बड़ी बड़ी बातें भी खूब सुनने को मिल जाती हैं लेकिन जब गहराई में जायें तो अपना महिमामंडन, स्वार्थसिद्धि तथा खाने पीने का धंधा होता ज्यादा दिखाई देता है। इस विषय में कुछ लोग हो सकता है ईमानदारी से काम करते होंगे लेकिन वह नगण्य ही हैं । मैं गलत भी हो सकता हूँ लेकिन कम से कम मेरा अनुभव तो यही है।
आजकल जो जितना बड़ा नौटंकीबाज है उसकी उतनी ही पूछ है। वैसे एक भोजपुरी कहावत भी है...

नाचै कूदै तोरै तान ओकर दुनिया राखै मान

Sunday, 17 June 2018

 सच्चाई  जब तक सहमति बनाती  हैं तब तक झूठ अपना साम्राज्य खड़ा कर लेता है।
समस्याओं पर कुछ लोगों की नसीहत ऐसी लगती है जैसे कोई खतरनाक आतंकवादी विश्वशांति पर उपदेश दे रहा हो।

Saturday, 16 June 2018

जब समस्याओं को सुलझाने का उपाय ढूढ़ने की बजाय उसपर राजनीति करना ही मकसद हो तब कोई समाधान कैसे निकलेगा ? वास्तव में सत्ता का लालच, अवसरवाद तथा निहित स्वार्थ इस कदर हावी है कि शायद समस्याओं को बनाये रखने में ही फायदा नज़र आता है। आखिर देश की स्वतंत्रता के इतने सालों बाद भी गरीबी, भुखमरी, बेरोज़गारी, अशिक्षा, आर्थिक असमानता तथा सामाजिक और लैंगिक भेदभाव जैसी समस्यायें मौजूद है। उसपर से देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकवाद तथा हिंसा के साथ असुरक्षा का माहौल अब तक की नीतियों और नीयत दोनों पर सवाल खड़ा करता है।
कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया  का निहित स्वार्थों के लिए तथा अफवाहें फ़ैलाने के लिए दुरुपयोग हो रहा है जो बहुत ही चिंताजनक है। असुरक्षा फ़ैलाने तथा हिंसा भड़काने के लिए जिस तरह से इसका इस्तेमाल हो रहा है, इसपर अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह बहुत खतरनाक साबित होगा। यह एक अच्छा माध्यम हो सकता है लेकिन इसका दुरुपयोग समाज और देश के लिए घातक भी साबित हो रहा है।
जबसे हम अपने आप को दूसरों से अच्छा मानने लगते हैं तभी से हमारा पतन शुरू हो जाता है।
राजनीति में अवसरवाद और दोहरे मानदंड की एक जबरदस्त मिसाल देखिये। अपनी ही पार्टी की आलोचना करने वाला नेता सबको प्यारा लगता है अगर वह खुद की पार्टी का न हो।

Thursday, 14 June 2018

सत्ता पाने तथा उसमें बने रहने या किन्हीं अन्य निहित स्वार्थों के लिए कट्टरपंथ को नज़रअंदाज करना या उसे बढ़ावा देना दुधारी तलवार साबित होता है तथा अंततः दुखदायी और खतरनाक ही होता है जिसके अनेकों उदाहरण देश तथा विश्व के इतिहास में भरे पडे हैं । होना तो यह चाहिये कि मानवता की भलाई के लिए देश ही क्या बल्कि पूरे विश्व में उदारवादी विचारधारा को प्रोत्साहन दिया जाय और चरमपंथी तथा कट्टरपंथी लोगों को हतोत्साहित किया जाय। अब कहने को कोई कुछ भी कहें लेकिन हो इसका उल्टा ही रहा है। हमारे देश में ही नहीं पूरे विश्व में भी निहित स्वार्थों के लिए किसी न किसी रूप में अतिवादी/उग्रवादी/कट्टरपंथी/चरमपंथी सोच के लोगों को या तो नज़रअंदाज़ किया जा रहा है या उन्हें बढ़ावा मिल रहा है तथा उदारवादी लोग हर जगह इन लोगों की वजह से मुसीबत में हैं जिनके लिए दिखावे की चिंता तो बहुत की जाती है लेकिन वास्तविक मदद से सभी हाथ खींच लेते हैं । कश्मीर उसका एक उपयुक्त उदाहरण है जहाँ शांतिप्रिय, उदारवादी तथा सुरक्षबलों के लोग हासिये पर और खतरे में होने की  वजह से हतोत्साहित हो रहे हैं जबकि  अलगाववादियों तथा कट्टरपंथियों/चरमपंथियों को पूरा प्रश्रय मिल रहा है जिससे उनके हौसले बुलंद हैं । आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता लेकिन यह भी कटु सत्य है कि अधिकतर आतंकवाद और हिंसा धर्म/मजहब का नाम लेकर ही हो रही है। अवसरवादी लोगों की वजह से यह समस्या दिन पर दिन और भी  विकराल  रूप ले रही है तथा मानवतावादी/उदारवादी लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है।

Tuesday, 12 June 2018

देश का दुर्भाग्य  है कि देश का नेतृत्व अपनी मेहनत, संघर्ष  और योग्यता  से उभरने वालों की बजाय    सिर्फ परिवारिक पृष्ठभूमि या किसी समीकरण  के कारण जबरदस्ती नेता के तौर पर पेश किये  गए अयोग्य लोगों के हाथ में जा रहा है।  दुखद यह है कि शायद ही कोई पार्टी इससे बची हो। राजनीति में चाटुकारिता का यह हाल है कि उन अयोग्य लोगों का निहित स्वार्थों के लिए  गुणगान करने के लिए कुछ लोग  किसी भी स्तर तक गिरने को तैयार रहते हैं और ऐसे लोग ही मजे कर रहे हैं। जनता से जुड़े लोगों की बजाय हवाई नेताओं की बहार है। व्यक्ति और परिवार परक राजनीति के कारण  देशहित से समझौता और इतिहास की सच्चाई को झुठलाने में भी इन्हें कोई संकोच नहीं है। एक होड़ सी लगी है कि कौन कितना झूठ बोल सकता है या कितना नीचे गिर सकता है। थूंकने-चाटने, नौटंकीबाज  और गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कब क्या कर दें कुछ कहा नहीं जा सकता।  हर मुद्दे पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकी जा रही हैं तथा जनहित से  किसी को कोई लेना देना नहीं है जनता  ठगी हुई सिर्फ  तमाशा देखने के लिए मजबूर है।  जब देश की  आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के खतरे सहित  आम जनता से जुड़ी अन्य अनेक गंभीर समस्याएं सामने हैं तब यह सोचने की बात है कि ऐसे लोगों के हाथ में देश का क्या भविष्य है ?

Sunday, 10 June 2018

भ्रष्ट, स्वार्थी, लालची, निकम्मे, मुफ्तखोर  और अवसरवादी लोग कभी किसी सुधार या  परिवर्तन के वाहक नहीं बन सकते वह सिर्फ समाज और देश में विघटन का कारण बन सकते हैं। 

Saturday, 9 June 2018

कितनी बिडंबना है कि मनुष्य जीवन भर विभिन्न प्रकार के  काल्पनिक दुश्मन बनाता और उनसे लड़ता रहता है जबकि अक्सर अधिकतर नुकसान उसे वह लोग पहुंचाते है जिसे वह अपना मान कर भरोसा करता है। 

Sunday, 3 June 2018

सेना तथा सुरक्षा बलों के जवान भी देश के नागरिक ही हैं और दूसरों की तरह उनके भी अधिकार हैं। अगर कोई किसी पर पत्थर, डंडे या गोली, गोला बरसायेगा तो वह बदले में फूल तो बरसाने से रहा। आखिर सबके जान की कीमत बराबर ही है तथा हर एक को अपनी रक्षा करने का अधिकार है फिर भी अक्सर वह बहुत संयम से काम लेते हैं । अब इस मामले में भी किसी को अपनी रोटियां सेंकनी है तो उसकी मानसिकता जगजाहिर है, उसपर कोई टिप्पड़ी करना व्यर्थ है। दुर्भाग्य से देश में अतिवादियों, अपराधियों और आतंकवादियों के समर्थक, प्रवक्ता तथा उनके मानवाधिकारों की चिंता करने वाले बहुतायत में हैं परन्तु सामान्य नागरिक के मानवाधिकारों के समर्थक, प्रवक्ता तथा उसकी चिंता करने वाले ढूढ़ने पड़ते हैं।  हिंसक तथा अन्य जघन्य आपराधिक घटनाओं की निंदा तथा उसका विरोध भी  आजकल  अपनी सुविधा, समीकरण  और राजनीतिक नफा नुकसान तथा निहित स्वार्थों के अनुसार होता  हैं।