Monday, 27 May 2019

आकाश की तरफ थूंकने वालों को यह देखने की फुर्सत ही नहीं होती  कि थूंक उनके ऊपर ही गिर रहा है। 

Sunday, 26 May 2019

संसार में सदा बुद्धिहीन कर्मजीवियों की बहुतायत रहती है जिसका फायदा कर्महीन बुद्धिजीवी उठाते आये हैं। इसीलिये जोड़ तोड़ वाले लोग मजे करते  हैं जबकि मेहनत करने वाला अक्सर परेशान  रहता है।  जिस दिन यह स्थिति बदल जाएगी और उसका बुद्धि तथा  विवेक  जाग जायेगा उसी दिन कर्महीन बुद्धिजीवियों की मौज समाप्त हो जाएगी। 
आत्मकेंद्रित तथा आत्ममुग्ध व्यक्ति सच्चाई को स्वीकार करने तथा आत्मचिंतन की बजाय बहाने ढूढ़ता है । 
जो जैसा है उसे सारा संसार वैसा ही नज़र आता है। ठग और ढोंगी को सभी ठग और ढोंगी नज़र आते हैं जबकि सज्जन को सभी सज्जन।

Saturday, 25 May 2019

हमारा संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है लेकिन यह किसी भी रूप में अलगाववाद या उग्रवाद को हवा देने वाली भाषा की स्वतंत्रता नहीं हो सकती।
अच्छा व्यक्ति सफलता को विनम्रता से स्वीकार करता है जबकि सफल होने पर घटिया व्यक्ति के घमंड का ठिकाना नहीं रहता ।
परिवर्तन संसार का नियम है और सब कुछ समय के अनुसार बदलता रहता है। इसे आज तक कोई रोक नहीं पाया है। कितने ही महापुरुष, महाज्ञानी तथा महाबली और उनकी विचारधाराएं समय के साथ कालकवलित हो गए। अब इसे सहर्ष स्वीकार करें और समय के अनुसार अपनी उपयोगिता तथा प्रासंगिकता बनाये रखें या पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर समय तथा परिस्थियों को कोसते रहें और दूसरों में दोष देखते रहें ; यह आप पर निर्भर करता है। आप जो भी सोचें या करें, समय तो अपनी गति से चलता ही रहेगा तथा परिवर्तन भी होते ही रहेंगे। यह क्रम रुकने वाला नहीं है ।  कोई माने या  न माने लेकिन सच्चाई यही है कि कोई भी विचारधारा या व्यक्ति सम्पूर्ण  तथा सर्वमान्य नहीं होता, चाहे वह कितना भी  महान हो। 

Thursday, 23 May 2019

सफलता और असफलता तो जीवन में चलती ही रहती है लेकिन असफलता के बाद की प्रतिक्रिया से ही व्यक्ति के असली चरित्र का पता चलता है। चरित्र वाला व्यक्ति किसी को दोष देने की बजाय असफलता के कारणों और अपनी कमियों पर विचार करके आगे का रास्ता निर्धारित करता है जबकि बिना चरित्र वाला व्यक्ति कोई न कोई बहाना ढूंढ कर अपनी कमियों को छिपाना चाहता है। अपनी कमियों का विश्लेषण करके उससे सबक लेने वाले व्यक्ति ही अक्सर महान और अविश्वसनीय कार्य कर जाते हैं।

हवाई, बड़बोले, आत्ममुग्ध और पूर्वाग्रह से ग्रस्त  लोगों का कुछ नहीं हो सकता क्योंकि उन्हें अपनी तरफ देखने की फुरसत ही नहीं मिलती । 
हारने वाला यदि अपनी हार शालीनता  से स्वीकार कर ले और आत्मनिरीक्षण करे तो जीतने वाले का मजा किरकिरा हो सकता है  शायद इसीलिये हारने वाला अक्सर कोई न कोई बहाना ढूढ़ लेता है। नकारात्मक राजनीति, गुंडागर्दी  तथा हिंसा से जनता को ज्यादा  समय तक डराया तथा  मूर्ख नहीं बनाया जा सकता।  

Wednesday, 22 May 2019

मुक़ाबला स्वयंभू ठेकेदारों तथा चौकीदारों के बीच था। लगता है  जनता को  चौकीदार  ज्यादा पसंद आये  ।

Sunday, 19 May 2019

सत्य सूर्य की तरह है जिसे झूठ के बादल कुछ समय के लिए  तो ढँक सकते हैं लेकिन  स्थाई रूप से नहीं। कुछ समय बाद उसे सामने आना ही  है ।  झूठ तथा  चोरी और सीनाजोरी ज्यादा समय तक नहीं चलती। 

Wednesday, 15 May 2019

गलत कोई भी करे गलत ही होता है इसी लिए किसी के द्वारा की गई हिंसा या अन्याय निंदनीय ही है । दूसरों पर सत्ता के दुरूपयोग का इल्जाम लगाने वाले खुद सत्ता का इतना ज्यादा दुरुपयोग कर रहे हैं कि उच्चतम न्यायलय को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। मजे की बात है इसके बावजूद कुछ घटनाओं पर शोर मचाकर कर देश की एकता और लोकतंत्र को खतरे में बताने वाले तथाकथित अवसरवादी तथा निहित स्वार्थी स्वयंभू रहनुमाओं/बुद्दिजीवियों की जुबान पर ताले लगे हुए हैं।

Tuesday, 14 May 2019

आदमी का व्यक्तित्व तथा सोच स्वतंत्र होनी चाहिए । गुलाम तो गुलाम ही है, वह चाहे किसी व्यक्ति, विचारधारा या अपने पूर्वाग्रह का ही क्यों न हो ।
सत्ता के लालच का नंगा नाच चल रहा है। गली गलौच तथा धमकाने वाली भाषा, गुंडागर्दी और हिंसा से आजकल लोकतंत्र बचाया जा रहा है। भ्रष्टाचार, तानाशाही तथा सत्ता के दुरुपयोग का लम्बा इतिहास है और यह सर्वव्यापक है लेकिन एक प्रदेश ने तो सभी को बहुत पीछे छोड़ दिया। आज ऐसा नेता ढूढ़ना लगभग असंभव है जिसकी भाषा संयमित और संतुलित हो। नवीन पटनायक जैसे लोग आज की राजनीति में अपवाद हैं।

Monday, 13 May 2019

किसी के बारे में गलत और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने वाला व्यक्ति वास्तव में अपने खुद के घटिया चरित्र तथा मानसिकता को उजागर कर रहा होता है।

Sunday, 12 May 2019

नास्ति मातृसमा छाया, नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राण, नास्ति मातृसमा प्रिया।।
महाभारत
माता के समान कोई छाया नहीं है, माता के समान कोई सहारा नहीं है। माता के समान कोई रक्षक नहीं है और माता के समान कोई प्रिय चीज नहीं है।
बहुत कुछ लिखा गया है और लिखा भी जा रहा है लेकिन फिर भी अक्सर तथा  अधिकतर भौतिक रूप से समृद्ध  और अच्छे  खाते  पीते घरों में  आज माँ  वृद्धावस्था में उपेक्षा का शिकार तथा अकेलेपन में जीने को अभिशप्त ही क्यों मिलती है ? इसपर भी विचार होना चाहिए।

Friday, 10 May 2019

थूंककर चाटना साहित्य के हिसाब से वीभत्स रस है लेकिन  राजनीति ने इसे श्रृंगार रस का दर्जा दे दिया। एक नेता जी ने  तो इसमें सबको पीछे छोड़ते हुए जबर्दस्त  महारत हासिल  की  और इसका कीर्तिमान स्थापित  कर दिया। अब शायद दूसरे लोगों में उनके कीर्तिमान को भंग करने की प्रतिस्पर्धा  चल रही है। नौटंकीबाजी, झूठ तथा अवसरवाद आज देश की राजनीति  में  विशिष्ठ गुण बन गए हैं। 
उद्देश्य और सिद्धांत कुछ भी बताया जाता हो लेकिन हमारे देश में राजनैतिक, गैरसरकारी या अन्य कोई संगठन अक्सर कुछ परिवारों , व्यक्तियों अथवा किसी समूह विशेष की बपौती बन कर रह जाते हैं क्योंकि वास्तविक उद्देश्य कुछ और ही होता है । कुछ अपवाद हो सकते हैं लेकिन अधिकतर ऐसा ही है।

Saturday, 4 May 2019

सारी दुनिया में दोष दिखता है
अपनी गलती नजर नहीं आती
जूते थप्पड़ पड़े तो पड़ते रहें
शर्म उनको मगर नहीं आती

Friday, 3 May 2019

जो कुछ प्रस्तुत है उनमें
कुछ शब्द इनके कुछ उनके हैं
शब्द जिनके भी हों लेकिन
एक सुन्दर  माला के मनके हैं 
राजनीतिज्ञ अधिकतर सत्य से दूर ही रहते हैं लेकिन कभी कभी अर्धसत्य बोलते हैं जो अक्सर एक बड़ा झूठ होता है।