Wednesday, 30 May 2018

वर्तमान स्थिति  मुझे भी  चिंताजनक  लगती है लेकिन विकल्प उससे भी ज्यादा निराशाजनक और भयावह  दिखाई देता है। 

Monday, 28 May 2018

जिस देश की अच्छी खासी जनसंख्या खाना, कपडा और सिर छुपाने की जगह तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से महरूम हो वहाँ बिना किसी योग्यता तथा कुछ किये बगैर लोगों के लिए करोड़ों/अरबों जोड़ने के बाद भी बिना पात्रता के तथा सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए लगभग मुफ्त का बंगला और परिवार का हर सदस्य संसद, विधान सभा या किसी न किसी संस्था का निर्वाचित या गैर निर्वाचित प्रतिनिधि होना चाहिए, चाहे उसकी योग्यता हो न हो। यह शायद लोकतंत्र/समाजवाद/परिवर्तन की नई परिभाषा है। वैसे भी विभिन्न क्षेत्रों और वर्ग  में आज देश का पर्याय  सिर्फ कुछ व्यक्ति या परिवार ही रह गए हैं। 

Sunday, 27 May 2018

आई मौज फ़क़ीर की दिया झोपड़ा फूँक
 आएगी तब देखेगा बारिस हो या धूप
आदमी की रचना इस तरह की गई है कि न वह अपनी पीठ थपथपा सकता है न ही अपने को गले लगा सकता है लेकिन हर नेता इस काम में माहिर होता है। शायद इसी लिए किसी ने कहा है कि कोई भी आदमी नेता बन सकता है लेकिन नेता कभी आदमी नहीं बन सकता।

Thursday, 24 May 2018

कुछ लोगों का काम सिर्फ दूसरों में कमी ढूढ़ना और निंदा करना ही होता है।
इन लोगों को कभी अपनी तरफ देखने की फुरसत नहीं होती।
कल तक जो भ्रष्ट थे, आज एकदम से दूध के धुले हो गए।
अवसारवाद और सिद्धांतहीनता  समाज और मानवता के लिए  सबसे ज्यादा घातक हैं। यदि निहित स्वार्थों से ऊपर उठ कर दृढ निश्चय के साथ ढूढ़ा जाय तो  हर समस्या का समाधान हो सकता है लेकिन सिद्धांतहीन तथा अवसरवादी  लोग समस्याओं का समाधान ढूढ़ने की बजाय उन्हें और उलझाने का प्रयास करते हैं। अपने छोटे छोटे स्वार्थों के लिए ये लोग  कुछ भी कर सकते हैं  चाहे इससे समाज या मानवता तथा देश  को  कितना भी नुकसान हो। 

Wednesday, 23 May 2018

कल तक जो भ्रष्ट थे,  आज एकदम से दूध के धुले हो गए।

Tuesday, 22 May 2018

 निहित स्वार्थी लोगों का समूह किसी भी परिवर्तन का हमेशा विरोध करता ही  है चाहे वह कितना भी औचित्यपूर्ण और लाभदायक क्यों न हो ।

Sunday, 20 May 2018

पक्षपातपूर्ण और पूर्वाग्रह से ग्रस्त होने पर सच्चाई नहीं दिख सकती।
अवसरवाद ही हारा और अवसरवाद ही जीता। अब अवसरवाद की जीत को लोकतंत्र की जीत बताने वालों को क्या कहें ?
हमारे तथाकथित स्वयंभू मसीहाओं की कुछ बातें बेमिसाल हैं---
-चरित्र किसी का नहीं है फिर भी अपना बखान और दूसरे का चरित्र हनन कर रहे हैं।
-न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हैं जब तक हक़ में फैसला दे। हक़ के खिलाफ फैसला होते ही न्यायपालिका पक्षपाती और भ्रष्ट हो जाती है।
-खुद गड़बड़ करें तो बतायेंगे कि दूसरे ने भी ऐसा ही किया था। दूसरा करे तो लोकतंत्र की हत्या होती है।

आर के लक्ष्मण साहब ने कहा था --

-I am grateful to our politicians. They have not taken care of the country, but me.
-Frankly our politics is so sad that if I had not been a cartoonist, I have been committed suicide.

Saturday, 19 May 2018

अनुशासन प्रकृति का नियम है और उसका हर काम अनुशासित ढंग से चलता रहता है लेकिन जब उसमे व्यवधान पड़ता है तब वह विनाशकारी हो जाता है ।   हम चाहते तो हैं कि समाज तथा देश में  अनुशासन होना चाहिए लेकिन हम  अक्सर  अनुशासन का पालन नहीं करते। जो कोई भी नियम से चलता या हमें इस बारे में चेतावनी  देता है वह हमें बुरा लगता है।  हमारे जीवन में स्पष्ट दृष्टिकोण का अभाव है और हम  दुविधा और दोहरे मानदंड के साथ जीने के आदी हो चुके हैं।  हम यह तो चाहते हैं कि समाज और तंत्र  में ईमानदारी होनी चाहिए लेकिन जब कोई फायदा उठाने की बात हो तब यह बात भूल जाती है।  हम यह तो चाहते हैं कि हमारे अधिकारों का आदर होना चाहिए लेकिन जब दूसरे के अधिकारों की बात आती है तब हमारी सोच बदली हुई होती है।  सबको अपने कर्तव्य का ध्यान रखना चाहिए लेकिन जब अपनी बात आती है तब अक्सर यह बात भूल जाती है। भ्रष्टाचार समाप्त होना चाहिए लेकिन जब मौका आता है तब  काम करने या कराने के लिए हम इसी तरीके का अक्सर प्रयोग करते हैं।  यहाँ तक कि ईश्वर  को भी हम अपनी सुविधा के हिसाब से प्रयोग करते हैं और उससे भी उम्मीद रखते हैं कि वह  हमारे चढ़ावे के हिसाब से हमारा ध्यान रखेगा। धर्म में भी अधिकतर लोगों  की  आस्था लालच या डर की वजह से होती है जिसका फायदा अक्सर  कुछ निहित स्वार्थी लोग उठाते हैं  ।  इस तरह के विरोधभाषों में जीने वाले स्वच्छन्द समाज के अंग होकर  हम अपने जीवन, परिवार, समाज और देश  में  शांति, व्यवस्था, स्थिरता  तथा  सुधार की आशा कैसे कर सकते हैं ?
वैसे तो एक लम्बे समय से राजनीति अनैतिकता और अवसरवाद का दूसरा नाम है और आपस में  सिर्फ बाजी मारने की होड़ है।  दुखद यह है कि हर बार ठगी जनता  ही जाती है क्योंकि इतिहास बार बार दोहराया जाता है लेकिन वह कुछ नहीं कर पाती। नेता और पार्टी ले लिए वफादार तो फिर भी मिल जाते हैं लेकिन चुनने वाली जनता का वफादार कोई नहीं होता। 

Wednesday, 16 May 2018

जैसे डॉक्टर, इंजीनियर आज बन रहे हैं उनसे किसी गुणवत्ता और सावधानी की उम्मीद की जा सकती है क्या ?
नैतिकता और राजनीति बहुत लम्बे समय से विरोधाभाषी शब्द हैं। उसपर नैतिकता की दुहाई वह लोग दें: जिनका अनैतिकता और अवसरवाद का इतिहास रहा है तो बड़ा हास्यास्पद लगता है। जिनकी याददास्त कमजोर हो गई है उनकी बात अलग है।

Tuesday, 15 May 2018

सत्य, अहिंसा, क्षमा, दया, न्याय, निति, विनय और धर्म इत्यादि जो मानवता के मूल तत्व और सिद्धांत है अब दिल्ली में सड़कों के नाम तक सीमित रह गए हैं।
 जिसको अवसर मिल रहा है वही लोकतंत्र का गला घोंट रहा है लेकिन दोष सिर्फ दूसरे में ही दिखाई देता है। परसाई जी की यह बात याद आ रही है। " भ्रष्टाचार अगर अपने हाथ से तो वह प्रजा के लिए हितकारी है।  दूसरे के हाथ से हो तो वह प्रजा के लिए दुखदायी है। इसलिए रैलियाँ निकालने वाले, प्रदर्शन करने वाले ये दल चाहते हैं कि शासकीय भ्रष्टाचार करने का अधिकार उन्हें मिल जाये। इनका भ्रष्टाचार इतना पवित्र होगा कि जनता अपने आप सुखी हो जाएगी। "
व्यवस्था इस हद तक लापरवाही और भ्रष्टाचार से ग्रस्त है कि कोई भी आये बहुत फर्क नहीं पड़ने वाला। वाराणसी में जो हुआ वह अत्यंत दर्दनाक है।

Monday, 14 May 2018

कुछ भी गलत है उसका विरोध तथा उसकी आलोचना करना अलग बात है लेकिन किसी के भी विरुद्ध अभद्र टिप्पड़ी करना सिर्फ विकृत मानसिकता का ही परिचायक हो सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे भी लोग मौजूद है जिनके मानसिक संतुलन पर शक होता है।

Sunday, 13 May 2018

जिस देश में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग भी निहित स्वार्थवश धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा तथा वर्ग से ऊपर उठकर निष्पक्ष नहीं रह पाते वहाँ आम आदमी से क्या अपेक्षा की जा सकती है।

Wednesday, 9 May 2018

जब अधिकतर राजनीतिक पार्टियां व्यक्ति, परिवार और उनके चाटुकारों तक सीमित हों तथा उनमें आंतरिक लोकतंत्र गायब हो  तब इस स्थिति में इनसे देश के लोकतंत्र की रक्षा की उम्मीद करना किसी दिवास्वप्न से कम नहीं है।  राजनीति ऐसा व्यवसाय बन गई है जिसमे दांव लगाने के बाद मुनाफे की कोई सीमा नहीं है।  बिना कुछ किये धरे पीढ़ियों की ऐश  का उपाय हो जाता है जिसका प्रमाण ढूढ़ने की जरुरत नहीं  हैं।
  

Monday, 7 May 2018

Criticism must always be fair and impartial. There is no meaning of selective and prejudiced criticism.
कुछ लोग अप्रासंगिक होते ही अपना मानसिक संतुलन खोकर अनाप सनाप बकने लगते हैं और अपने को प्रासंगिक बनाने के चक्कर में कोई न कोई विवाद खड़ा रखते हैं। वास्तव में ऐसे लोगों की अपनी कोई जमीन तो होती नहीं है सिर्फ अवसरवाद या चाटुकारिता के दम पर इनका अस्तित्व टिका रहता है। जब वह काम नहीं आती तब इनका मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है फिर जिस थाली में खाया होता है उसी में छेद करने लगते हैं। ऐसे सिद्धांतविहीन लोग किसी भी समाज, संगठन और देश के लिए खतरनाक हैं। दुर्भाग्य से निहित स्वार्थों के लिए किसी हद तक गिर जाने वाले ऐसे हवाई लोगों की हमारे देश में बहुतायत है।

Sunday, 6 May 2018

इतिहास को बदला नहीं जा सकता इसलिए उससे छेड़छाड़  करके  या उसे सही गलत ठहराने की बजाय अगर उससे सबक लिया  गया होता तो देश का ज्यादा भला हो सकता था। 
स्वतंत्रता के बाद राजनीति को जिस तरह से व्यवसाय बना दिया गया और इसके लिए तरह तरह के तर्क दिए जाने लगे अगर यही सोच स्वतंत्रता के पहले अपना खून पसीना बहाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की भी होती तब क्या होता ?
दूसरी बात यह कि देश की स्वतंत्रता का श्रेय लेने के दावेदार तो हैं फिर देश का बंटवारा और उसके बाद हुए कत्लेआम, दंगों और लूटपाट का जिम्मेदार कौन है ?
ईमानदारी से देखें तो जिन्होंने वास्तव में देश की स्वतंत्रता के लिए कुर्बानियां दीं, तकलीफें उठायीं और अपना खून बहाया वह या तो स्वतंत्र देश देख नहीं पाए अथवा हासिये पर धकेल दिए गए या फिर गुमनामी में जीने के लिए मज़बूर कर दिए गए। दावेदार वह लोग बने जिन्हें खरोच तक नहीं आयी । कुछ जेल भी गए तो वहां उन्हें आम कैदी से ज्यादा सुविधाएँ मिली।

Saturday, 5 May 2018

हमारे देश  में राजनीतिज्ञों तथा कार्यपालिका की  दिलचस्पी किसी समस्या की गहराई में जाकर उसका समाधान निकालने की बजाय सिर्फ लीपापोती करने या  किसी तरह उसे टालने और  उसका फायदा उठाने  में  ज्यादा होती है।  यही कारण है कि मामूली समस्या भी समय बीतने के साथ  विकराल रूप ले लेती है।  लेकिन अवसरवाद तथा  निहित स्वार्थ इतने हावी हैं  कि कोई भी इस दिशा में  सोचने का  प्रयास करने से बचता है चाहे इस से  देश की स्थिति  पर कुछ भी प्रभाव पड़ता  हो । एक परंपरा बन गई है कि सभी सिर्फ एक दूसरे पर कीचड उछालने और एक दूसरे को  आईना दिखाने में व्यस्त रहते  हैं  जबकि चेहरे सबके काले  होते  हैं। 

Friday, 4 May 2018

जिस व्यवस्था या तंत्र में भ्रष्ट, अयोग्य और अकर्मण्य लोगों का बाहुल्य हो उस से किसी विकास या सुधार की उम्मीद कैसे कर सकते हैं?

Tuesday, 1 May 2018

भ्रष्ट और अपराधी इस देश में इतने शक्तिशाली तथा कानून और व्यवस्था से इस कदर उपर हैं कि अपने निहित स्वार्थों के लिए वह या उनके समर्थक जब चाहें तोड़फोड़, आगजनी, लूट, हत्या या किसी भी अन्य जघन्य अपराध को अंजाम दे सकते हैं। सारी व्यवस्था और देश का कानून उनके सामने असहाय दिखता है। मजे की बात है कि ऐसे लोग जुर्म साबित होने तथा सजा पाने के बाद भी बहुत से लोगों के लिए आदर्श बने रहते हैं फिर भी हम अपराध बढ़ने का रोना रोते हैं।