Monday, 31 August 2015

जीवन में हमें  दो तरह के लोग मिलते हैं।  पहली प्रकार के लोग शुरू में तो  आकर्षित करते हैं लेकिन समय के साथ  जैसे जैसे आप  करीब से उनके कार्यकलापों और विचारों को  जानने और समझने लगते हैं तथा  उनके छिपे हुए पहलू उजागर होते हैं आकर्षण कम होता जाता है। दूसरी तरह के लोग वह हैं जो शुरू में  आपको आकर्षक लगें या न भी लगें परन्तु समय के साथ आप पर सार्थक प्रभाव छोड़ते हैं जिससे निकटता बढ़ती जाती है और सम्बन्ध और भी प्रगाढ़ होते रहते  हैं । 

Sunday, 30 August 2015

हमारे देश के राजनैतिक दलों और  नेताओं के  अंतर्विरोधों  और निहित स्वार्थों ने यह स्थिति पैदा कर दी है कि जिस देश को पूरी दुनिया आतंकवाद की नर्सरी और गढ़  समझती और कहती है वह भी हमारे जैसे लोकतान्त्रिक देश पर ऊँगली उठा रहा है और साथ ही  धमकी भी  दे रहा है।  

Saturday, 29 August 2015

यह  न कोई लेखक है न कवि न पत्रकार
न ही कोई समाजसुधारक
या सामाजिक कार्यकर्ता
यह है  देश का आम आदमी
जो चाहता तो है  बहुत  कुछ
करना और बदलना
पर जिंदगी की जद्दोजहद में
उलझ कर कुछ कर नहीं पाता
सिर्फ कहता है विरोध करता है
इसके नाम पर खाने वाले तो बहुत हैं
पर जिसे सुनने वाला कोई नहीं
यही है इस देश के आम आदमी का सच 
लोग कहते हैं जैसा है वैसा ही चलेगा
कुछ बदलने वाला नहीं है
मुझे नहीं पता मैं सही हूँ या गलत
मुझे पता है मेरे सोचने  या कहने से
फर्क नहीं पड़ने  वाला है कुछ भी
फिर भी कहता रहता हूँ
विरोध करता हूँ जो पसंद  नहीं आता
मानने से भी इनकार करता हूँ जब संभव हो
अपनी तसल्ली के लिए
 इससे ज्यादा कुछ कर नहीं सकता
या शायद करने की हिम्मत नहीं है
जो भी हो मुझे नहीं पता 
दुर्भाग्य से हमारे देश में सत्ता मिलते ही अक्सर  लोग इतने असहिष्णु और आत्ममुग्ध हो जाते हैं कि उन्हें सच्चाई दिखनी बंद हो जाती है और वह किसी भी विरोध  करने वाले को सहन नहीं कर पाते।   लोकतंत्र में मतभिन्नता तथा विरोध का भी उतना ही महत्व है लेकिन शायद ही किसी पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र हो और विरोध तथा मतभिन्नता  को सम्मान दिया  जाता हो। अधिकतर राजनैतिक दल और कारपोरेट घरानों की कार्यप्रणाली में कोई खास फर्क नहीं है । हर दल या तो व्यक्ति केंद्रित है या कुछ गिने चुने लोग निर्णायक भूमिका में होते हैं।   ऐसी स्थिति में हमारे देश में लोकतंत्र का क्या भविष्य है विचार का विषय है।  

Friday, 28 August 2015

समाज के प्रबुद्ध लोग भी  जिस देश में पूर्वाग्रह से ग्रस्त हों उस देश का कोई भला नहीं कर सकता।  

Thursday, 27 August 2015

कुछ लोग जीवन में इत्र की तरह होते है, वे पास हो या दूर उनका अपना होने का अहसास ही आपको खूशबू से सराबोर रखता हैं।
बेटी तुम  मेरे जीवन में  ईश्वर का अनुपम उपहार
करूँ प्रार्थना प्रभु से  हरदम  खुशियां तुमको  मिलें  अपार
गौरवशाली हो जीवन हर मंजिल बस क़दमों में हो
काम करे  बेटी कुछ ऐसा  नाम हमारा भी रोशन हो 
क्या हम डॉ कलाम के सपने और विचारों को कार्यरूप देकर सच कर पाएंगे ?

English is necessary as at present original works of science are in English. I believe that in two decades times original works of science will start coming out in our languages. Then we can move over like the Japanese.

Dr A. P. J. Abdul Kalam
विभिन्न भाषा और सस्कृति का करते हम पूरा  सम्मान
अपनी  भाषा और संस्कृति पर लेकिन है  हमको है अभिमान

Wednesday, 26 August 2015

किसी बात का स्पष्टीकरण देने का कोई फायदा  नहीं क्योंकि लोग अर्थ  अपनी सोच और अवधारणा के  स्तर पर   ही निर्धारित  करते  हैं। 
पिछले कुछ समय से जैसी घटनाएँ घट रही हैं उससे शक होता  है जैसे बाहरी ताकतों और देश में निहित स्वार्थी और राष्ट्रविरोधी तत्वों का गठजोड़ बनाकर देश में अराजकता फ़ैलाने की कोई साजिश चल रही है। 
आज हमारे देश में सामाजिक न्याय और विकास का मतलब जातिवाद को बढ़ावा देकर कुछ व्यक्तियों और परिवारों का हित तथा आर्थिक विकास का मतलब कुछ पूंजीपतियों और कारपोरेट घरानों का हित हो गया है। आम जनता का हित और विकास किसमे है यह कोई मुद्दा नहीं है। महात्मा गांधी, डॉ राममनोहर लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण आज अप्रासंगिक करार दे दिए गए हैं।
हिंदी सहित देश की भाषाओँ को उनका हक और सम्मान  मिलने   तथा शिक्षा का माध्यम अपनी भाषा होने पर सभी लोग मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। समानता की तरफ बढ़ने के लिए भी यह प्रयास  होना चाहिए क्योंकि जन भाषा देश के समग्र विकास और इसकी एकता के लिए भी जरुरी है । 

Tuesday, 25 August 2015

किसी देश के समग्र विकास के लिए आवश्यक है कि हर बच्चे को शिक्षा और तत्पश्चात रोजगार के समान अवसर उपलब्ध हों।  इसमें भाषा भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है क्योंकि हमने रोजगार की भाषा एक ऐसी भाषा को  बना  दिया है जो जन भाषा नहीं है और इससे देश का बड़ा वर्ग मुख्य धारा से कट जाता है।  देश में संघर्ष और प्रयास इन मुद्दों पर होना चाहिए लेकिन इन मुद्द्दों  से न  तो किसी की   राजनीति चमक सकती है न ही राजनीतिक रोटियां सेंकी  जा सकती है।  एक आसान सा उपाय आरक्षण के नाम पर देश को विभिन्न वर्गों में बाँटना दिखता है जिससे दोनों काम हो जाते हैं और कई बार सत्ता मिलने के अवसर पाकर  अपने और परिवार तथा  पीढ़ियों तक  का इंतजाम करने का मौका मिल जाता है। आरक्षण से देश का भला होना होता तो कब का हो चुका होता और सबसे पिछड़े और आदिवसियों का यह हाल नहीं होता क्योंकि आरक्षण का लाभ भी कुछ लोग ही उठा रहे हैं।  अधिकतर लोग इससे वंचित हैं और रहेंगे क्योंकि कुछ लोगों के  निहित स्वार्थ विकास चाहते भी नहीं हैं।  लोगों का शैक्षणिक और आर्थिक विकास इन ठेकेदारों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर कुठाराघात होगा। 

Sunday, 23 August 2015

जीवन में करिये सदा रिश्तो का सम्मान 
इनसे से ही मिलता हमें जीने का अरमान 
जीने का अरमान मिले मुश्किल में हिम्मत
हर रिश्ता हैं खास किसी को आंको कम मत

Friday, 21 August 2015

मैं अकेला ही धुन में मगन हो के अपनी मजे जिंदगी के लिए जा रहा हूँ 
मिला जो भी हमको गरल हो या अमृत ख़ुशी से उसी को पिए जा रहा हूँ
 यह हमेशा होता रहा है और आज भी हो रहा  है कुछ लोग अपने निजी स्वार्थसाधन  के लिए धर्म, जाति, संप्रदाय, वर्ग, क्षेत्र, भाषा  या  जिस    भी प्रकार से संभव हो समाज को विभाजित करने में लगे रहते हैं।  वास्तव में इस विभाजन से आम लोगों का तो कोई भला नहीं होता न यह उद्देश्य होता है लेकिन कुछ लोग जो  इसके ठेकेदार बन जाते हैं   उनकी और उनके परिवार तथा करीबी लोगों की मौज हो जाती है। ईमानदारी से देखें तो संसार में  दो ही वर्ग  हैं सुविधासंपन्न या सुविधाविहीन  लेकिन यह बात अधिकतर लोगों की समझ में नहीं आती। यह  बात जिस दिन आम लोगों की समझ में आ जाएगी उस दिन के बाद  कोई सुविधाविहीन  नहीं होगा और अधिकतर ठेकेदारों की दुकान बंद हो जाएगी ।  लेकिन इस सत्य को स्वीकार करना बड़ा मुश्किल है क्योंकि कुछ लोगों के  निजी स्वार्थ विभाजन के इर्द गिर्द ही सधते हैं और वह इसे न मानेंगे न मानने देंगे  । 

Thursday, 20 August 2015

मुझे लगता है आध्यात्म का सम्बन्ध किसी धर्म की बजाय मनुष्य की आत्मा से ज्यादा है। मुझे नहीं पता मैं सही हूँ या नहीं परन्तु जहाँ तक मेरी समझ में आया है आध्यात्म और मानवता एक दूसरे के पर्याय हैं तथा प्राणी मात्र में सम भाव दिखना ही आध्यात्मिकता की निशानी है।

Wednesday, 19 August 2015

ईमानदार या चरित्रवान होने का दिखावा करने और ढिंढोरा पीटने  वाले लोग  बेईमान और चरित्रहीन लोगों  से भी ज्यादा खतरनाक होते हैं। दुर्भाग्य से आज ऐसे लोगों का बोलबाला है। 
शायद बहुत से लोग सहमत न हों परन्तु मुझे लगता है कोई कितना भी महान क्यों न हो किसी का आँख बंद करके अनुसरण करना आपकी कोई सहायता नहीं कर सकता न आपको कहीं पहुँचने में मदद कर सकता है। इसलिए प्रेरणा किसी से भी ली जा सकती है पर राह अपनी ही चुनी जानी चाहिए।
हर व्यक्ति की तरह मेरे जीवन में भी कुछ न भूलने वाले अनुभव हैं पर कन्याकुमारी स्थित स्वामी विवेकानंद रॉक मेमोरियल में जहाँ स्वामी जी स्वयं ध्यान में बैठे थे उसी स्थान पर कुछ समय बैठना जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है।
किसी भी देश के विकास, सामाजिक उत्थान और एकता में उस देश की अपनी भाषाओँ का महत्वपूर्ण योगदान होता है। दुर्भाग्य से हमारे देश में अपने देश की भाषाएँ उपेक्षित है और उनके मुकाबले अंग्रेजी जो एक विदेशी भाषा है और गुलामी की देन है का वर्चस्व कुछ निजी स्वार्थ वाले तत्वों की वजह से आज भी कायम है और हिंदी राजभाषा होते हुए भी उपेक्षा का शिकार है। होना तो यह चाहिए था कि सभी प्रान्त अपनी भाषा में काम करें और राष्ट्रीय स्तर पर हिंदी का प्रयोग हो लेकिन विज्ञानं और तकनीक का उद्धरण देकर कुछ लोग अपने राजनैतिक और निहित स्वार्थो का पोषण करते हैं जबकि दुनिया के बहुत से देशों में विज्ञानं और तकनीक को उनकी अपनी भाषा में पढ़ाया और प्रयोग किया जा रहा है। हिंदी और देश की अन्य भाषाओँ के नाम पर खाने वाले तो बहुत हैं पर जब हिंदी और देश की अन्य भाषाओँ को  सम्मान देने में  की बात आती है तब अंग्रेजी के अंतर्राष्ट्रीय भाषा होने का कुतर्क करने लगते हैं। 

Monday, 17 August 2015

जीवन जितना सरल और प्राकृतिक होगा उतना ही सुखमय होगा। शिशु अपने आप में प्रसन्न रहता है क्योंकि उसे कोई राग द्वेष नहीं होता तथा उसकी आवश्यकतायें सीमित होती हैं लेकिन जैसे जैसे हम बड़े होते जाते हैं अपने चारो तरफ तरह तरह के जाल फ़ैलाने के साथ आडम्बर और आवश्यकताओं का घेरा बनाते जाते हैं और फिर उसमे ही उलझ कर रह जाते हैं।

Sunday, 16 August 2015

मानिये तो हर एक रिश्ता ख़ास है
न मानें तो सभी कुछ बकवास है
खून के रिश्ते कभी देते दगा
और कभी बेनाम से भी  आस है 
  मैं मूल रूप से कोई कवि या लेखक नहीं हूँ परन्तु कभी कभी कुछ विचार मन में आते हैं   उन्हें व्यक्त कर देता हूँ और अगर ईमानदारी से कहूँ तो इसका श्रेय भी मेरी एक बेटी को जाता है लेकिन मेरा इरादा कत्तई किसी को उपदेश देने या किसी पर व्यंग करने का नहीं होता।

बहुत से लोग धार्मिक स्थानों, अनाथालयों या अन्य अनेक जरूरतमंद संस्थाओं तथा व्यक्तियों को दान देते हैं या उनकी सहायता करते हैं जो बहुत ही अच्छा और सराहनीय कार्य है। मगर आप ध्यान से देखें तो आपके आस पास, परिवार, खानदान या रिश्ते में भी बहुत से ऐसे लोग मिल जायेंगे जो बहुत सफल नहीं हैं और सहायता के पात्र हैं यहाँ तक आजकी दुनियां में माँ बाप और भाई बहन को भी लोग निराश्रित छोड़ देते हैं तथा उनकी तरफ अधिकतर लोगों का ध्यान नहीं जाता या शायद उनकी सहायता करके आपको वह श्रेय, यश और नाम नहीं मिलता जो आपको अन्य की सहायता से मिलता है । शायद लोग मुझसे सहमत न हों फिर भी मेरा मानना है कि बाहर दिया जरूर जलाइए लेकिन पहले घर में भी रोशनी होनी चाहिए। ऐसा न हो जैसा किसी ने कहा है
मंदिर मस्जिद चरागाँ कीजिये दुनिया में नाम हो
घर का चिराग गुल भी रहे कोई गम नहीं

Thursday, 13 August 2015

कुछ रिश्ते ऐसे  यहाँ जिनका रूप न रंग
फिर भी जीवन में मिले इनसे स्वाद सुगंध 

Sunday, 9 August 2015

हमारे देश में धर्म/मजहब  और  जाति  की चिंता करने और उस पर संकट बता कर रोटियां सेंकने  और अपना उल्लू सीधा करने वाले तो बहुत है लेकिन उसे  मानने वालों में कितने लोग रोटी और बुनियादी सुविधाओं के लिए मुहताज है इसकी चिंता किसी को नहीं है।  
जिस देश में अच्छी खासी आबादी को पौष्टिक आहार की बात छोड़िये  पेट भर रोटी तक  नहीं मिलती।  अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य तो अधिकतर लोगों को उपलबध नहीं हैं।  देश का किसान अपनी बदहाली की वजह से आत्यहत्या करने  को मजबूर हो जाता  है। आतंकवाद तेजी से अपनी जड़ें फैला रहा है। आंतरिक और   देश की सीमाओं पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है। राजनीति के नाम पर निहित स्वार्थ को जनहित और देशहित का नाम दे दिया जाता है।   उस देश में मीडिया और तथाकथित बुद्धिजीवी  पोर्नोग्राफी,शराब पीने की उम्र,  समलैंगिकता, एक आतंकवादी को फांसी और संत के नाम पर कलंक लोगों  से जुड़े मुद्दों पर जोर शोर से बहस करते नजर आते हैं। यह आत्ममुग्ध लोगों की  बेशर्मी की पराकाष्ठा नहीं तो और क्या  है ?
इतिहास गवाह है किसी भी देश, समाज या संस्था को ज्यादा नुकसान बाहर के लोगों की बजाय उसके अपने निहित स्वार्थी और अवसरवादी लोगों ने पंहुचाया है।

Friday, 7 August 2015

 मैं गलत भी  हो सकता हूँ पर  मेरा मानना है  सबके विचारों का सम्मान करते हए भी अपने लिए क्या उचित है इसका निर्णय स्वयं करना चाहिए तथा यथसंभव  दूसरों को तय करने के अनुमति नहीं देनी  चाहिए।

न किसी का अभाव
न किसी का प्रभाव
अपना है जीवन
अपना ही चुनाव 
इसमें कोई शक नहीं कि कोई भी राष्ट्र अपनी भाषा के बिना न अपनी अस्मिता कायम रख सकता है न ही सही मायने में उन्नति कर सकता है। इस लिए जरुरी है कि हर राज्य अपना काम अपनी भाषा में करे ताकि सभी भारतीय भाषाओँ को उनका सम्मान मिले और राष्टभाषा हिंदी संपर्क भाषा का काम करे। 
 मुखौटा कुछ भी हो लेकिन आज की राजनीति में व्यक्ति, परिवार और पार्टी तथा निहित स्वार्थ के चलते देश  और जनता के बारे में सोचने की किसी  को फुर्सत नहीं है।  जिन लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान दिया उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी कि आगे चल कर यह स्थिति होगी और नेतृत्व करने वाले  लोग निजी हित, सत्ता के लालच और राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए देश हित  की बलि दे देंगे ।  

Wednesday, 5 August 2015

समाज में कुछ लोग पैसे कमाने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।  ऐसे लोगों ने स्त्री शरीर को बाजार और प्रदर्शन की वस्तु की तरह प्रयोग किया है और स्त्री को लालच देकर इसके लिए प्रेरित किया है । वह चाहे विज्ञापन के लिए हो, फिल्म के लिए हो या पोर्नोग्राफी के लिए।  अपने निहित स्वार्थों को आधुनिकता और विकास का नाम देकर यह अपना मतलब साध रहे हैं और समाज में अनैतिकता और अश्लीलता को बढ़ावा दे रहे हैं । इसका दूरगामी परिणाम होता है । यह सब आसानी से उपलब्ध है  और बच्चे जो अपरिपक्व होते हैं  यही  सब देखते हैं तथा आगे चल कर वह भी स्त्री को भोग की वस्तु ही समझते हैं ।  लेकिन कुतर्क करने वालों को समझाना बहुत मुश्किल है। 

Tuesday, 4 August 2015

सबकी अपनी जिंदगी सबके अपने हालात
जिससे जो भी मिल गया समझ उसे सौगात 
हमारे देश में राजनीति में आने का एक फायदा तो है ही आने वाली पीढ़ियों को कमा कर खाने की जरुरत नहीं पड़ती और हमेशा के लिए ऐश की जिंदगी पक्की हो जाती है।

Monday, 3 August 2015

Never allow anyone to dictate term for your personal life.

Saturday, 1 August 2015

फेसबुक ने किसी को क्या दिया पता नहीं पर मुझे तो अवश्य कुछ लोग ऐसे मिले हैं जो मेरे परिवार के सदस्य बन गए हैं या उनकी की ही तरह हैं।
निरंतर प्रयास करते हुए अपने आप को इस स्तर तक ले जाइये जहाँ आपके खिलाफ कोई कुछ भी कहे पर किसी को विश्वास न हो।