जिसका डर था वही हो रहा है। आग बुझाने की बजाय राजनीतिक रोटियां सेंकने का दौर शुरू हो गया। सब अपनी सुविधा तथा निहित स्वार्थों के हिसाब से एक दूसरे पर कीचड़ उछालने में लगे हैं। वास्तव में बहती गंगा में सबने हाथ धोया है। ताली दोनों हाथों से बजती है, लेकिन कोई भी अपने गिरेबान में झाँकने का कष्ट नहीं कर रहा बल्कि सभी दूसरों को दोषी ठहराने का यथासंभव प्रयास कर रहे हैं । इतने ईंट, पत्थर, हथियार और आग लगाने की चीजें अचानक तो नहीं आ जाते ।
ऐसे अवसरवादी लोग जो वर्ग या परिवार विशेष के नाम पर अपने को राजनीति में स्थापित करने तथा उसे चमकाने के लिए जहर उगलते और देश में आग लगाते रहते हैं, किसी से छुपे नहीं है। जब देश में लोगों को अपने पूर्वाग्रह तथा स्वार्थों की वजह से जहर उगलने, मानवीय सिद्धांतों तथा देश के कानून और न्यायपालिका को भी न मानने की स्वतंत्रता मिली हो तथा धर्म, जाति, वर्ग, क्षेत्र, भाषा या किसी अन्य के नाम पर अतिवादियों, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिल रहा हो तब यही होता है। राजनीतिज्ञों की बात छोड़िये, प्रबुद्ध वर्ग के लोग जिनसे नेकनीयती तथा निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है, वह भी ऐसे मौके पर अपनी सुविधा, स्वार्थों तथा पूर्वाग्रह से ऊपर नहीं उठ पाते।