Sunday, 18 February 2018

देश में नाम का लोकतंत्र है क्योंकि सिर्फ तंत्र दिखता है, लोक तो कब का गायब हो चुका है। कितना हास्यास्पद है कि जिनसे खुद लोकतंत्र को खतरा है वही लोग लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं।

Saturday, 17 February 2018

कितना विचित्र है कि सबके  घर शीशे के हैं लेकिन फिर भी सब  दूसरे के घर पर जोर शोर से  पत्थर फेके जा रहे हैं। 

Tuesday, 13 February 2018


देश के शहीदों को तो बख्श दो रहनुमाओं, उनका तो कम कम से धर्म या जाति के आधार पर बंटवारा मत करो।

Monday, 12 February 2018

 एक पडोसी देश जिसकी विस्तारवादी नीतियों और महत्वाकांक्षाओं  की वजह से पूरी दुनियाँ खतरे में है,  हर तरफ से हमें घेरने की कोशिश कर रहा है। गहराई से विचार करें  तो  हमारे देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के बढ़ते खतरे में प्रत्यक्ष्य  या अप्रत्यक्ष  रूप से उसका हाथ पाएंगे।  इसपर भी  हमारे तथाकथित रहनुमाओं और स्वयंभू  कर्णधारों को राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी राजनीति करने तथा आपस में लड़ने से ही फुर्सत नहीं है। विचारणीय प्रश्न है कि आखिर इस तरह की सोच वाले लोगों के हाथ में  देश का भविष्य कितना सुरक्षित  है ? 

Saturday, 10 February 2018

अब शायद यह होड़ चल रही है कि निहित स्वार्थों के लिए कौन कितना ज्यादा गिर सकता है।

Wednesday, 7 February 2018

निश्चित रूप से देश विरोधी गतिविधियों की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती और इस में लिप्त लोगों के खिलाफ बेझिझक कड़ी से कड़ी कार्यवाई होनी चाहिए लेकिन आप धर्म के आधार पर किसी को देशद्रोही भी नहीं ठहरा सकते। आखिर डॉ कलाम भी तो मुसलमान ही थे। यह देश हर उस व्यक्ति का है जो इस देश का नागरिक है। लगभग 7000 पूंजीपतियों ने पिछले कुछ समय में दूसरे देशों की नागरिकता ले ली उनके बारे में क्या विचार है? जिस देश में बड़ी संख्या में लोग बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं उस देश का माल लूट कर जो विदेशों में जा बसे वह किस देशद्रोही से कम हैं ?

Monday, 5 February 2018

पूरे विश्व में अधिकतर लोगों को धार्मिक आडम्बरों की  जितनी चिंता है उतनी अगर  वास्तविक धर्म मानवता की  होती तो दुनिया की तश्वीर  कुछ और ही  होती। 
पत्थरबाजों के खिलाफ मुक़दमे उठाये जा रहे हैं और सेना के जवानों के खिलाफ मुक़दमे लिखाये जा रहें है। इसका मतलब है कि सेना अपना बचाव भी नहीं कर सकती। मानव अधिकारों का ठेका सिर्फ सुरक्षाबलों ने ले रखा है चाहे कोई भी उनपर पत्थर फेंके या गोली मारे। जब वह अपनी रक्षा भी नहीं कर सकते तो फिर जनता और देश की रक्षा कैसे करेंगे ? ऐसा ही रहा तो शायद कल को आतंकवादियों को भी सही ठहराया जायेगा। अब देश की जनता इसका क्या मतलब समझे ?  जब आतंकवादियों और पथरबाजों के इतने समर्थक देश में ही मौजूद हैं तब किसी बाहरी दुश्मन की क्या जरुरत है ? सीमाओं पर खतरा हर तरफ से बढ़ा रहा है तथा सुरक्षाबलों को बाहरी और भीतरी दोनों तरह के दुश्मनों से लड़ना पड़ रहा है । इस स्थिति में भी अगर उनका उत्साह बढ़ाने की बजाय उन्हें हतोत्साहित किया जायेगा तो हम कल्पना कर सकते हैं कि आगे चल कर देश का क्या होने वाला है।

Sunday, 4 February 2018

परिवार, समाज और परिवेश से जुड़ाव और लगाव स्वाभाविक है।  लेकिन जब यह अपने चरम पर पंहुच कर दूसरों को गलत और दुश्मन मानने का कारण बन जाता है तब यह मानवता के लिए खतरा बन जाता है।  सारा ब्रह्माण्ड सामंजस्य से चलता है और हर जीव का अपना महत्त्व है। सभी किसी न किसी रूप से एक दूसरे पर आश्रित हैं।  किसी को भी मिटा कर हम स्वयं अपने आस्तित्व के लिए खतरा ही उत्पन्न करते हैं। 

Saturday, 3 February 2018

 वक्ता बनने से पहले श्रोता और लेखक बनने से पहले पाठक बनना अत्यंत आवश्यक है। लेकिन आज उल्टा हो रहा है। लेखकों की तो  भीड़ है पर पाठक नदारद  हैँ।  वक्ता तो सभी हैं पर श्रोता बनने को कोई तैयार नहीं है।  कोई किसी की नहीं सुनना चाहता बल्कि सब अपनी ही  सुनाना चाहते हैं। सारी समस्याओं की जड़ यही है।