भारत में ज्ञान या दर्शन की परंपरा बहुत विशद और पुरानी है। वेदों, उपनिषदों, पुराणों के अतिरिक्त महाभारत, गीता तथा विभिन्न प्रकार के अन्य असंख्य ग्रन्थ मिलते हैं। छह आस्तिक या वैदिक दर्शन भी हैं, जिन्हें षडदर्शन कहा जाता है।
बौद्ध धर्म की कुछ पुस्तकों के अनुसार छठी शताब्दी ईसा पूर्व में बुद्ध के समकालीन छह विधर्मी शिक्षक थे। ये सभी श्रमण परंपरा से थे तथा अपने तर्कों के लिए बहुत प्रसिद्द थे। शायद बौद्धों द्वारा इन्हें विधर्मी मानने का कारण यह भी हो सकता है कि इनमें से कुछ लोग निर्वस्त्र रहते थे या कुछ अलग तरह वस्त्र प्रयोग करते थे, जैसे अजित केशकंबली जो सिर्फ बालों से बना कम्बल लपेटे रहते थे ।
अजित केशकंबली की चार्वाक या लोकायत परंपरा तो प्रमुख है ही। जिसे बौद्ध और जैन दर्शनों के साथ प्रमुख नास्तिक या अवैदिक दर्शन होने के साथ ही पूर्णतः तथा मुख्य भौतिकवादी दर्शन माना गया है।
इसके साथ ही आजीवक संप्रदाय के मक्खलि गोशाल जो नियतिवाद के लिए जाने गए जो एक अन्य भौतिकवादी शिक्षक थे ।
इसके अतिरिक्त पकुधा कच्चायन का शाश्वतवाद, पूरण कस्सप का अक्रियावाद, संजय वेलट्ठिपुत्त का अज्ञानवाद भी काफी चर्चित रहा।
हालाकि इनके कोई प्रामाणिक ग्रन्थ उपलब्ध नहीं है, फिर भी ब्राह्मण, बौद्ध और जैन ग्रंथों में जिस तरह से इनका आलोचनात्मक उल्लेख मिलता है: उससे लगता है कि उस समय इनको भी पसंद करने वाले लोग बहुतायत में थे।
एक अन्य शिक्षक या दार्शनिक निगंठ नाथपुत्त का नाम बौद्ध ग्रंथों में मिलता है, जिन्हें सभी भगवान महावीर के नाम से जानते हैं; जो जैन धर्म के प्रवर्त्तक थे।
सबसे आश्चर्य की बात है कि इनकी शिक्षाओं से ब्राह्मणों और पुराहितों का नाराज होना तो समझ में आता है लेकिन बुद्ध और महावीर भी इन्हें पसंद नहीं करते थे। जबकि वेदों को बुद्ध और महावीर भी प्रमाण नहीं मानते थे और यह लोग भी। शायद इसका कारण यह हो सकता है कि यह लोग प्रखर आलोचक थे और किसी भी तरह के पाखंड के खिलाफ खुल कर बोलते थे, तर्कपूर्ण प्रश्न पूछते थे तथा अपने तर्कों से लोगों को निरुत्तर कर देते थे। यह लोग सिर्फ प्रत्यक्ष को प्रमाण मानते थे । यह भी पता चलता है कि इनमें से कुछ लोग थोड़े समय तक बुद्ध या महावीर से जुड़े भी रहे थे और मतभेद के कारण अगल हो गए।