ऐसा नहीं कि देश में सब कुछ ठीक चल रहा है लेकिन यह भी कटु सत्य है कि हमारे देश में कुछ लोग देश, धर्मनिरपेक्षता, संविधान और जनहित इत्यादि के स्वयंभू ठेकेदार बन कर मनमानी तथा मुफ्त की ऐश कर रहे हैं । इन्हें आप कर्महीन बुद्धिजीवी कह सकते हैं। वास्तव में इन्हें समाज या जनता के हित से कोई मतलब नहीं है, लेकिन जब इनकी मनमानी और मुफ्तखोरी पर असर पड़ता है, तभी देश, धर्मनिरपेक्षता, संविधान और जनहित इत्यादि खतरे में बता कर यह लोग दुष्प्रचार तथा शोर मचाना शुरू कर देते हैं। हर चीज की इन्होने अपनी परिभाषा गढ़ ली है तथा तथ्यों को अपनी सुविधा के हिसाब से तोड़ने मरोड़ने में इनका कोई जवाब नहीं है। कुतर्क में माहिर इनके हिसाब से बस यही सही हैं और सभी गलत । जैसे कि पहले कहा जाता था कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते लेकिन अब शायद उगने लगे हैं। ऐसे अवसरवादी लोग देश और समाज के लिए ज्यादा खतरनाक हैं क्योंकि इनका असली एजेंडा और मकसद हमेशा छिपा रहता है ।
No comments:
Post a Comment