देश का दुर्भाग्य है कि देश का नेतृत्व अपनी मेहनत, संघर्ष और योग्यता से उभरने वालों की बजाय सिर्फ परिवारिक पृष्ठभूमि या किसी समीकरण के कारण जबरदस्ती नेता के तौर पर पेश किये गए अयोग्य लोगों के हाथ में जा रहा है। दुखद यह है कि शायद ही कोई पार्टी इससे बची हो। राजनीति में चाटुकारिता का यह हाल है कि उन अयोग्य लोगों का निहित स्वार्थों के लिए गुणगान करने के लिए कुछ लोग किसी भी स्तर तक गिरने को तैयार रहते हैं और ऐसे लोग ही मजे कर रहे हैं। जनता से जुड़े लोगों की बजाय हवाई नेताओं की बहार है। व्यक्ति और परिवार परक राजनीति के कारण देशहित से समझौता और इतिहास की सच्चाई को झुठलाने में भी इन्हें कोई संकोच नहीं है। एक होड़ सी लगी है कि कौन कितना झूठ बोल सकता है या कितना नीचे गिर सकता है। थूंकने-चाटने, नौटंकीबाज और गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कब क्या कर दें कुछ कहा नहीं जा सकता। हर मुद्दे पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकी जा रही हैं तथा जनहित से किसी को कोई लेना देना नहीं है जनता ठगी हुई सिर्फ तमाशा देखने के लिए मजबूर है। जब देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के खतरे सहित आम जनता से जुड़ी अन्य अनेक गंभीर समस्याएं सामने हैं तब यह सोचने की बात है कि ऐसे लोगों के हाथ में देश का क्या भविष्य है ?
No comments:
Post a Comment