विविधताओं और विसंगतियों के इस देश में लोकतंत्र भी गज़ब का है। नेताजी लोग तो आपस में एक दूसरे को गालियाँ देने और एक दूसरे पर कीचड उछालने के लिए पूर्ण स्वतंत्र हैं परंतु अगर आम जनता ने किसी नेता जी के बारे में कुछ कहा या किसी के साथ कोई अभद्रता की तो यह देशद्रोह हो सकता है। संविधान के अनुसार किसी से धर्म, जाति, वर्ग, प्रान्त, भाषा या लिंग के आधार पर भेद भाव नहीं किया जा सकता लेकिन निहित स्वार्थों के लिए तथाकथित स्वयंभू मसीहाओं को इन का नाम लेकर लोगों को भड़काने की पूरी स्वतंत्रता है। भूख, कुपोषण और गरीबी का उन्मूलन करने के लिए योजनायें वातानुकूलित कमरों में बैठ कर उन लोगों द्वारा बनाई जाती हैं जिनको सब कुछ मुफ्त में हासिल है तथा जिनकी देश सेवा करते करते खुद की सेहत सुधरने के साथ पीढ़ियों का इंतजाम हो जाता है। ईमानदारी, सादगी, त्याग और कर्मशील होने का उपदेश देने वाले लोग खुद जिंदगी के सारे मजे बिना मेहनत के उठाते हुए नजर आते हैं। यहाँ तक कि आम आदमी का नाम लेकर बनी पार्टी खास लोगों की बन कर रह जाती है। भारतीय लोकतंत्र की जय !
No comments:
Post a Comment