जिस तरह से पूंजीवाद हावी हो रहा है और विकास के नाम पर सब कुछ बाजार के हवाले किया जा रहा है वह हमारे जैसी आबादी वाले देश के लिए कहाँ तक उचित है यह सोचने वाली बात है। इस अर्थव्यवस्था से पर्यावरण और अमूल्य खनिज संसाधनों की जैसी जम कर लूट और बर्बादी हो रही है वह भविष्य में बहुत आशान्वित नहीं करती। छोटे किसानों और गाँव के पारम्परिक घरेलू उद्योग धंधों की स्थति दिन प्रतिदिन सोचनीय हो रही है जो सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देते थे जिसकी वजह से गावों से शहरों की तरफ पलायन हो रहा है जिससे शहरों के सीमित संसाधनों पर बोझ बढ़ रहा है और सारा ढांचा चरमरा रहा है । कृषि किसान के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है और अगर कोई अन्य आय का साधन नहीं है तो किसान की अपनी न्यूनतम आवश्यकतायें भी पूरी नहीं हो पाती जबकि उद्योगपतियों, कार्पोरेट घरानों, भ्रष्ट नौकरशाहों और नेताओं की संपत्ति दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ रही है । इस लिए आंकड़ों के हिसाब से देश में आत्महत्या के मामले किसानों में ज्यादा हैं। अमीर और गरीब के बीच की खाई निरंतर गहरी होती जा रही है। देश में जब इन मुद्द्दों पर बहस होनी चाहिए तब हम दूसरे झगड़ों में पड़े हुए हैं। अब यह गंभीरता से सोचने का समय है कि हम किधर जा रहे हैं और कैसा और किसका विकास कर रहे हैं ।
No comments:
Post a Comment